इंदौर. एमवायएच के चूहा कांड को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) का प्रदर्शन जारी है। रविवार को सैकड़ों कार्यकर्ता एमवायएच पहुंचे। कलेक्टर और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर दोषियों पर एफआइआर की मांग की। जयस कार्यकर्ताओं ने मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।आठ दिन से जयस कार्यकर्ता एमवायएच में प्रदर्शन कर डीन व अधीक्षक के निलंबन व दोषियों पर एफआइआर की मांग कर रहे हैं। रविवार को इंदौर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी और अन्य जिलों से कार्यकर्ता एमवायएच पहुंचे। वे सुबह से प्रदर्शन करते रहे। दोपहर दो बजे तक कोई प्रशासनिक अधिकारी चर्चा के लिए नहीं पहुंचा तो उन्होंने कलेक्ट्रेट का रुख किया। इसी दौरान एसडीएम प्रदीप सोनी व एसीपी तुषार सिंह चर्चा के लिए आए। कार्यकर्ताओं ने निलंबन की मांग जारी रखी। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों से चर्चा के बाद जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश मुजाल्दा व कार्यकर्ता शाम को वापस एमवायएच रवाना हुए।
एमवायएच पहुंचकर स्थगित हुआ आंदोलनजयस कार्यकर्ता कलेक्टोरेट में प्रदर्शन के बाद शाम को वापस एमवायएच पहुंचे। यहां पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एमवायएच परिसर में आने से रोक दिया, जिसके बाद सभी कार्यकर्ता मुख्य सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही। लगभग आधे घंटे तक आंदोलन जारी रहा। इसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने चर्चा की। आश्वासन मिलने के बाद जयस कार्यकर्ताओं ने 6 अक्टूबर तक आंदोलन को स्थगित किया, वहीं कार्रवाई की मांग भी प्रशासन से की है।