धमतरी, May 31, 2026

छात्र बने गूगल स्टूडेंट्स एंबेसडर (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Google Student Ambassador Program 2026: धमतरी जिले के लिए यह एक प्रेरणादायक उपलब्धि है, जहां जिला प्रशासन की टेक्नोलॉजी और एआई आधारित पहल अब ज़मीनी स्तर पर असर दिखाने लगी है। कलेक्टर के विजनरी नेतृत्व में चल रही डिजिटल मुहिम का परिणाम यह है कि स्थानीय छात्र अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंचों पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
बीसीएस पीजी कॉलेज के बीसीए और बीए के दो छात्रों हिमांशु जैन और दिगंत राठी का प्रतिष्ठित गूगल स्टूडेंट्स एम्बेसडर प्रोग्राम 2026 के लिए चयन इस बदलाव का बड़ा उदाहरण है। इस उपलब्धि के साथ न केवल उन्हें गूगल ऑफिस विजिट और आधिकारिक गुडीज जैसे अवसर मिलेंगे, बल्कि एआई और इनोवेशन के क्षेत्र में सीखने और आगे बढ़ने के नए रास्ते भी खुलेंगे।
जिला प्रशासन धमतरी द्वारा युवाओं को टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल अवसरों की मुख्यधारा से जोड़ने की मुहिम का एक बेहद शानदार और ऐतिहासिक परिणाम सामने आया है। धमतरी के दो होनहार छात्रों ने वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रतिष्ठित गूगल स्टूडेंट्स एम्बेसडर प्रोग्राम 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली है।
हिमांशु जैन और दिगंत राठी, दोनों छात्र बीसीएस पीजी कॉलेज में बीसीए और बीए चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थी हैं। चयन होने पर कलेक्टर ने दोनों छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। गूगल के इस प्रोग्राम का हिस्सा बनने पर इन छात्रों को विशेष आधिकारिक गैजेट्स और किट प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उन्हें गूगल के हाई-टेक कॉरपोरेट ऑफिस का दौरा करने और वहां के विशेषज्ञों से सीखने का सीधा अवसर मिलेगा।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीके पाठक ने कहा कि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता के कारण यह सब संभव हो पाया है। पिछले कुछ समय से जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर युवाओं को टेक-सेवी बनाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन की टेक मुहिम अब रंग लाती दिखाई दे रही है। धमतरी के छात्र एआई और डिजिटल क्रांति से जुड़ रहे हैं और युवा वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने चयनित छात्र हिमांशु जैन और दिगंत राठी को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि गूगल स्टूडेंट्स एम्बेसडर प्रोग्राम एआई और इनोवेशन के क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर है। इस कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियां मुख्य रूप से ऑनलाइन एवं कैंपस आधारित होती हैं। समय-समय पर गूगल कम्युनिटी द्वारा नेशनल लेवल इवेंट्स, वर्कशॉप्स एवं गूगल ऑफिस विजिट के अवसर प्रदान किए जाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में इन दोनों छात्रों के माध्यम से कॉलेज में गूगल के सहयोग से एआई क्लब शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इसके लिए गूगल कम्युनिटी द्वारा आवश्यक गाइडेंस, रिसोर्सेज और सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कॉलेज के अधिक से अधिक विद्यार्थी एआई एवं नई तकनीकों से जुड़ सकें।
गूगल ऑफिशियल गुडीज का अर्थ गूगल के ब्रांडेड प्रोडक्ट्स या उपहार से है। जब कोई छात्र गूगल स्टूडेंट्स एम्बेसडर जैसे किसी बड़े कार्यक्रम में चयनित होता है, तो गूगल उन्हें सम्मान स्वरूप गैजेट्स, टेक एक्सेसरीज़, परिधान (अपेरल्स) या अन्य सामग्री प्रदान करता है। यह चयनित छात्रों के लिए न केवल सम्मान होता है, बल्कि उनकी मेहनत और उपलब्धि की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान का प्रतीक भी होता है।
टेक्नोलॉजी का ज्ञान: छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जेमिनी एआई टूल्स, डिजिटल इनोवेशन, कम्युनिटी बिल्डिंग, इवेंट मैनेजमेंट एवं नवीनतम तकनीकी ट्रेंड्स के बारे में सीखने का अवसर मिलेगा। वे अपने कॉलेज में एआई अवेयरनेस कैंपेन, वर्कशॉप एवं टेक सेशन भी आयोजित कर सकेंगे।
वैश्विक अवसर: यह कार्यक्रम छात्रों को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें फ्यूचर रेडी डेवलपर, टेक लीडर और इनोवेटर के रूप में तैयार करता है। इससे उन्हें इंटर्नशिप, स्टार्टअप, रिसर्च और वैश्विक अवसरों तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।
हिमांशु जैन और दिगंत राठी तकनीक एवं नई डिजिटल टेक्नोलॉजी में विशेष रुचि रखते हैं और लगातार सीखने व कुछ नया करने की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। दोनों ही मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि सीखने का जुनून और कुछ नया करने की इच्छा हो, तो छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े मंच तक पहुंच सकते हैं।
करियर प्रोफाइल: इस कार्यक्रम के माध्यम से चयनित छात्रों को गूगल कम्युनिटी द्वारा ट्रेनिंग, एआई वर्कशॉप्स, हैकथॉन, टेक इवेंट्स एवं प्रैक्टिकल लर्निंग का अवसर मिलेगा। इससे उनकी तकनीकी कौशल, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान की क्षमता का विकास होगा। साथ ही उन्हें गूगल सर्टिफिकेट एवं इंडस्ट्री एक्सपोजर भी प्राप्त हो सकता है, जिससे उनका रिज्यूमे और करियर प्रोफाइल मजबूत होगा।
Published on: 31 May 2026 02:45 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।