बुरहानपुर. शहर की सीमा से गुजरने वाले इंदौर- इच्छापुर नेशनल हाइवे के बीच आ रहे धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई प्रशासन द्वारा शुरू की गई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन ने बुधवार सुबह 6 बजे से अतिक्रमण एवं धार्मिक स्थलों को विस्थापित करने की कार्रवाई शुरू की। शहर में सुरक्षा के लिए इंदौर संभाग के 7 जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल शहर में तैनात किया गया। हाइवे पर अतिक्रमण की कार्रवाई होने से भारी वाहनों का ट्रॉफिक भी डायवर्ड किया गया।
कलेक्टर, एसपी के साथ नगर निगम, एएनएचआइ के अफसर भी कार्रवाई में शामिल रहे। धार्मिक स्थल हटाने के लिए प्रशासन की इस कार्रवाई का शहरवासियों ने स्वागत कर स्वेच्छा से कही जगहों पर धार्मिक स्थलों को पूजा अर्चना एवं विधि विधान के साथ हटाया। यह कार्रवाई शिकारपुरा थाने से गणपति थाने तक की गई। इस बीच 12 से अधिक धार्मिक स्थल हटाए जा रहे है। जिसमें प्रशासन जेसीबी, पोकलेन मशीनों का उपयोग कर बड़े पेड़ भी हटाए।
यह बोले अफसर
अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान ने कहा कि शिकारपुरा थाने से लेकर गणपति नाका तक हाइवे पर आ रहे धार्मिक स्थल एवं अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। लोग खुद भी आगे आकर प्रशासन का इस कार्रवाई में सहयोग कर रहे है। एएसपी एएस कनेश ने कहा धार्मिक स्थलों को फोरलेन से हटाने के लिए 500 से अधिक का बल लगा है। बाहर से भी 300 से अधिक का बल बुलाया गया है। जनता का इसमें पूरा पूरा सहयोग मिल रहा है। व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद है।