खैरलांजी में हुई मां-बेटी जहरखुरानी का शिकार
जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 3 में रहने वाली मां-बेटी जहरखुरानी का शिकार हो गईं। दोनों की हालत अमाड़ी भाजी की सब्जी खाने के बाद अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रकला बाई पति कोसन लाल नगपुरे (45) और बेटी रूपाली नगपुरे (17) ने 12 अक्टूबर की सुबह करीब 10.30 बजे अमाड़ी की सब्जी खाने के बाद उल्टी और चक्कर आने की शिकायत की। पहले दोनों को खैरलांजी के अस्पाल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें शाम 4 बजे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती इंद्रकला बाई ने घरेलू विवाद के चलते अपने जेठ रोशन लाल नगपुरे और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने संदेह व्यक्त किया है कि उनके जेठ के परिवार ने अमाड़ी की सब्जी में चूहा मार दवाई मिलाकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है।
बताया गया है कि कोसन लाल और रोशन लाल सगे भाई हैं। दोनों के घर एक-दूसरे से सटे हुए हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा है। आपसी बोलचाल भी बंद है। घटना वाले दिन सुबह कोसन लाल और उनकी पत्नी इंद्रकला बाई काम पर चले गए थे। घर पर उनकी बेटी रूपाली अकेली थी, जिसने घर की सफाई के बाद चावल, आलू भटे और अमाड़ी की सब्जी बनाई। बाद में वह अपने माता-पिता को टिफिन देकर आई। वही कोसन लाल ने चावल और आलू भटे की सब्जी खाया। जबकि इंद्रकला बाई ने चावल और अमाड़ी की सब्जी खाई। कुछ देर बाद ही उन्हें चक्कर आने और उल्टी की शिकायत होने लगी। इसी दौरान रूपाली को भी घर में खाना खाने के बाद वही लक्षण दिखाई देने लगे। शंका होने पर उसने चूल्हे के पास खोजबीन की, जहां उसे एक संदिग्ध पैकेट मिला। मोहल्ले वालों ने बताया कि वह पैकेट चूहा मार दवा का है। स्थिति बिगडऩे पर पड़ोसियों की मदद से दोनों मां-बेटी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल खैरलांजी पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Published on:
13 Oct 2025 08:15 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग