Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अवैध असलहे से चांदनी को लगी है गोली, पियूष को पुलिस ने लिया हिरासत में

चांदनी ने बयान में बताया पति के पिस्टल से लगी गोली, पुलिस बोली थाना में पहले से ही जब्त है लाइसेंसी पिस्टल

2 min read
चांदनी ने बयान में बताया पति के पिस्टल से लगी गोली, पुलिस बोली थाना में पहले से ही जब्त है लाइसेंसी पिस्टल

चांदनी ने बयान में बताया पति के पिस्टल से लगी गोली, पुलिस बोली थाना में पहले से ही जब्त है लाइसेंसी पिस्टल

बालाघाट. शहर के एक उद्योगपति परिवार की महिला को गोली लगने के मामले में पल-पल नया मोड़ आ रहा है। महिला को काली पुतली चौक स्थित घर पर सोमवार की देर रात (11.30 से 12.00 बजे के बीच) गोली लगी। पुलिस ने मंगलवार को गोंदिया में महिला का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने आलमारी की सफाई करते समय मिले पति के पिस्टल से गोली लगने से घायल होने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि महिला के पति का लाइसेंसी पिस्टल थाना में पहले से ही जब्त है। पुलिस ने महिला के घर की डीबीआर जब्त की है, जिसमें पियूष पाठक एक देशी (अवैध) पिस्टल लेकर घर में जाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने उसे गोंदिया अस्पताल से हिरासत में लिया है। इसकी पुष्टि नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली सिंह ने की है।

नगर पुलिस अधीक्षक सिंह ने बुधवार को कोतवाली थाना में मीडिया को बताया कि पियूष को मंगलवार को ही गोंदिया अस्पताल से हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसने घायल चांदनी त्रिवेदी के घर में पिस्टल ले जाने की बात को स्वीकार किया है। उसने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पूर्व पिस्टल उसे चांदनी ने ही दिया था।

सीसीटीवी में दिख रहे पिस्टल को पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। पियूष ने पुलिस को बताया है कि पिस्टल अस्पताल परिसर में खड़े एक स्कूटर में है। इसके बाद से पुलिस उक्त देशी पिस्टल को जब्त करने के प्रयास में जुट गई है। नगर पुलिस अधीक्षक की माने तो अभी तक इस मामले में घायल चांदनी व उनके परिजनों के कथन लिए जा रहे हैं।

बताया कि घायल चांदनी के घर से जब्त खोखा का देशी पिस्टल बरामद होने के बाद मिलान किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में बताया कि चांदनी अवैध पिस्टल से ही घायल हुई है, क्योंकि उनके पति का पिस्टल चुनाव के समय से ही थाना में जब्त है। घायल परिजनों ने क्या-क्या बयान दिए हैं? पुलिस यह बात स्पष्ट नहीं बता रही है। खास है कि सोमवार को अवैध पिस्टल से गोली चली, लेकिन पुलिस ने बुधवार तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि अभी पूछताछ चल रही है।

कौन बताएगा गोली किसने चलाई?

शहर के उद्योगपति परिवार के घर सोमवार की देर रात जब गोली चली उस समय पियूष पाठक, पत्नी और बच्चों के साथ उनके घर पर था। घायल चांदनी त्रिवेदी के दो बच्चे और उनके माता-पिता घर पर थे। पुलिस को सीसीटीवी में पियूष अवैध (देशी) पिस्टल लेकर जाते हुए दिख रहा है। चांदनी के पति की पिस्टल थाना में जब्त है। ऐसे में अब सवाल यह खड़ा हो रहा है कि क्या चांदनी, पाठक से पिस्टल लेकर गोली चलाई। या पाठक या कोई और पिस्टल से फायर किया। किसी ने चांदनी को निशाना साधकर गोली मारी या पिस्टल से छेड़छाड़ करते समय गोली चली है। पाठक के पास जो पिस्टल है उसी से गोली चली है या कोई और पिस्टल है, जो अभी तक पुलिस की जांच में सामने नहीं आ पाया है। ऐसे दर्जनों सवाल घायल चांदनी के पति का पिस्टल थाना में जब्त होने का मामला सामने आने के बाद खड़े होने लगे हैं। इस मामले की सच्चाई क्या है? अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है।