Sawan 2025 Remedies According To Zodiac Sign: इस साल सावन की शुरुआत 11 जुलाई से हो रही है और यह महीना 9 अगस्त 2025 तक चलेगा। मान्यता है कि इस महीने में सोमवार के दिन भगवान शिव सिर्फ एक बेल पत्र और एक लोटा जल से भक्तों पर प्रसन्न हो जाते हैं। लेकिन यदि राशि अनुसार सावन के उपाय किया जाय तो पूजा-पाठ का फल बढ़ जाता है। इससे भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है। आइये जानते हैं राशि अनुसार सावन सोमवार के उपाय
आपकी राशि मेष है तो सावन के सोमवार को शिवलिंग का जल, शहद और सुगंध से अभिषेक करना चाहिए। इससे भक्त को मनचाहा फल मिलता है। इसके अलावा रोज बेलपत्र पर सफेद चंदन से श्रीराम लिखकर शिवलिंग पर जल अर्पित करें।
वृषभ राशि के लोगों को सावन के सोमवार पर कच्चे दूध से शिवजी का अभिषेक करना चाहिए। इस उपाय से कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है। इसके अलावा शिवलिंग पर दूध-दही से अभिषेक कर और हारश्रृंगार के फूलों से बनी माला चढ़ाकर, सफेद चंदन से तिलक कर सकते हैं।
आपकी राशि मिथुन है तो सावन के सोमवार के दिन गंगाजल में दूर्वा डालकर भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए। मान्यता है कि इससे कल्याण होगा। वहीं शहद से रुद्राभिषेक कर गाय को हरी घास खिलाना भी फायदेमंद होता है।
कर्क राशि के लोगों को सावन के सोमवार के दिन कच्चे दूध में मिश्री मिलाकर शिव जी का अभिषेक करना चाहिए। इस उपाय से मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा दूध, दही, गंगाजल और मिश्री से अभिषेक कर सकते हैं।
सिंह राशि वालों को सावन 2025 में सोमवार के दिन आम रस से शिव जी का अभिषेक करना चाहिए। साथ ही महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए। इससे करियर में उन्नति होती है। शुद्ध देसी घी से भगवान शिव को स्नान कराना भी सिंह राशि वालों के लिए कृपा प्राप्ति का कारगर उपाय है।
आपकी राशि कन्या है तो सावन में हर सोमवार को गंगाजल में बेलपत्र और सुगंध मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें। इस उपाय से कन्या राशि वालों के हर दुख शिव हर लेंगे। दूध और शहद से भगवान शिव का अभिषेक कर बेलपत्र, मदार के पुष्प, धतूरा और भांग अर्पित करने का भी लाभ होता है।
तुला राशि वालों को सावन 2025 में सोमवार के दिन जल, भस्म और सफेद चंदन अर्पित करना चाहिए। ऐसा करने वालों के जीवन में सुख और समृद्धि बनी रहती है।दही और गन्ने के रस से शिवलिंग का अभिषेक कर गरीबों को मिश्री का दान करना भी शिवजी की कृपा पाने का कारगर उपाय है।
वृश्चिक राशि के लोगों को सावन में सोमवार के दिन शिवजी का गंगाजल में लाल रंग का फूल डालकर अभिषेक करना चाहिए। इससे भोलेनाथ की कृपा बनी रहती है। तीर्थस्थान के जल और दूध में शक्कर, शहद मिलाकर शिवजी को स्नान कराकर और रक्त चंदन से तिलक करना भी मनोवांछित फल देने का सावन उपाय है।
धनु राशि वालों को सावन के सोमवार पर गंगाजल में केसर मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए। मान्यता है कि इससे विशेष लाभ मिलते हैं। इसके अलावा कच्चे दूध में केसर, गुड़ और हल्दी मिलाकर शिवलिंग को स्नान कराना चाहिए। साथ ही केसर-हल्दी से तिलक कर पीले पुष्प अर्पित करना चाहिए।
मकर राशि वालों को हर सावन सोमवार पर शिवालय जाकर काले तिल और बेलपत्र से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। मान्यता है कि इस उपाय से शनि बाधा दूर होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। घी, शहद, दही और बादाम के तेल से शिवजी का अभिषेक और नारियल का जल और नीला पुष्प अर्पित करना शुभ फलदायक रामबाण उपाय है।
कुंभ राशि वालों को हर सावन सोमवार 2025 पर कच्चा दूध शिवजी को अर्पित करना चाहिए। इसके साथ ही भांग, धतूरा और बेलपत्र भी चढ़ा सकते हैं। इसके अलावा भगवान शिव को गंगाजल में भस्म मिलाकर स्नान कराना चाहिए, इसके बाद सरसों के तेल से तिलक करना चाहिए। इससे शिव और शनि दोनों का आशीर्वाद मिलता है।
मीन राशि के लोगों को भोलेनाथ की कृपा के लिए सोमवार को जल में शहद, सुगंध, दूर्वा और अक्षत डालकर अभिषेक करना चाहिए। मान्यता है कि इससे सभी मनोकामना पूरी होती है। इसके अलावा कच्चे दूध में हल्दी मिलाकर स्नान कराने के बाद केसर का तिलक करने और पीले पुष्प , केसर के रेशे अर्पित करने का उपाय भी आजमा सकते हैं।
Published on:
26 Jun 2025 08:54 am