Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

बाल संप्रेषण गृह के बाथरूम की दीवार में सेंध, भागे 6 बाल अपचारी, दो सुरक्षा प्रहरी निलंबित

बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था में एक बार फिर बाल अपचारियों ने सेंध लगा दी। सुरक्षा प्रहरी होमगार्ड जवानों के सामने ही एक साथ छह बाल अपचारी बाथरूम की दीवार में छेद कर फरार हो गए। ब्रश करते हुए एक-एक बाथरूम में गए और बाहर निकल गए। इस लापरवाही पर दो सुरक्षा प्रहरियों को निलंबित किया गया है।

गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे की घटना हैं। बाल संप्रेषण गृह में सुबह के समय बाल अपचारी अपने दैनिक कार्य में लगे हुए हैं। कोई ब्रश कर रहा था तो काई नहाने की तैयारी कर रहा था, तभी मौका पाकर एक-एक कर छह बाल अपचारी बाथरूम पहुंचे। एक बाथरूम से होकर दूसरे बाथरूम में गए। यहां दीवार में बड़ा सा छेद कर दिया। इसमें से एक-एक कर सभी छह निकलकर भाग गए।

सुरक्षा प्रहरियों को सुध तक नहीं

बाल संप्रेषण गृह में 11 बाल अपचारी हैं। सुबह के समय दो होमगार्ड जवान सुरक्षा पहरी भी उस समय वहीं मौजूद थे, लेकिन बाल अपचारियों ने उन्हें भनक तक नहीं लगने दी। जब बाल अपचारी कम दिखे तो गिनती की गई। तब पता चला की छह बाल अपचारी भाग गए हैं। इसके बाद घटना की सूचना कोतवाली थाने में दी गई। अब यहां पांच ही बाल अपचारी बच गए हैं, जिसमें एक मई माह में फरार होने वाला बाल अपचारी है, जो इस बार नहीं भागा।

अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की जानकारी लगते ही एडीएम केआर बड़ोले और एएसपी महेंद्र तारणेकर बाल संप्रेषण गृह पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा प्रहरियों से पूछताछ कर घटनास्थल का जायजा लिया। इस बीच डॉग स्कवाड भी यहां पहुंच गया था। एडीएम बड़ोले ने बताया कि सुबह छह बच्चे बाथरूम की दीवार में छेदकर भागे हैं। इस मामले में सुरक्षा प्रहरी होमगार्ड के दो जवानों को निलंबित किया है।

छेड़छाड़, अपहरण व गोवंश के मामले में आरोपी

नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया है। सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। इससे पहले मई में इस तरह की घटना हो चुकी है। छह नाबालिग बालक फरार हुए हैं। इसमें पांच बाल अपचारी छेड़छाड़ व अपहरण के मामलों में आरोपी है, जो खरगोन जिले के रहने वाले हैं। छटवा बालक गोवंश के मामले में बंद था। यह बालक नेपानगर का रहने वाला हैं। सभी की तलाश में कोतवाली पुलिस की दो टीमें रवाना कर दी गई है।