हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर मप्र शासन संस्कृति विभाग द्वारा दो दिवसीय राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सम्मान समारोह के पहले दिन किशोर दा की पुण्यतिथि पर सोमवार शाम को पुलिस लाइन ग्राउंड में सुरों की महफिल सजी। स्थानीय कलाकारों ने ये शाम मस्तानी संगीत संध्या में समां बांध दिया। किशोर के गीतों पर मंत्री विजय शाह, कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित उपस्थित श्रोता झूम उठे। आयोजन के दूसरे दिन गीतकार प्रसून जोशी को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, किशोर नाइट में मुंबई के हेमंत कुमार आर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
किशोर दा की पुण्यतिथि पर जहां सुबह किशोर प्रेमियों ने किशोर समाधि पर सुरमई श्रद्धांजलि दी। वहीं रात को 8 बजे पुलिस ग्राउंड में गीत संगीत का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में एएसपी महेंद्र तारणेकर ने जब दीप जले आना गीत की प्रस्तुति देकर अपनी गायन कला का प्रदर्शन किया। नगर निगम पीआरओ गौरव खरे ने कभी बेकसी ने मारा, कभी बेखुदी ने मारा… गीत की प्रस्तुति दी। कोतवाली थाने के एसआइ भीमराव अंबेडकर और गायिका तोरल बख्शी ने युगल गीत जिस मोड़ पर जाते है, कुछ तेज कदम रस्ते, कुछ सुस्त कदम राहें… की प्रस्तुति से मन मोह लिया। अन्य स्थानीय कलाकारों ने भी गीत प्रस्तुत किए।
इंदौर के बैंड ने बांधा समां
स्थानीय कलाकारों के बाद इदौंर के अनिल शर्मा और उनके बैंड ने समा बांध दिया। फिल्म कर्ज के टायटल गीत एक हसीना थी, एक दिवाना था, पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गीत संगीत का कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा और सहायक कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्णा सुशीर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद थे।
हर वर्ष दो दिवसीय कार्यक्रम होगा
इस अवसर पर मंत्री विजय शाह ने घोषणा की कि इस वर्ष की तरह हर साल किशोर सम्मान समारोह दो दिवसीय आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा यह मैं बिना मुख्यमंत्री से चर्चा किए घोषणा कर रहा हूं। मंगलवार को विडियो कॉलिंग कर इसकी घोषणा मुख्यमंत्री से भी करवाउंगा। उल्लेखनीय है कि इस साल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के कारण दो दिवसीय आयोजन किया गया है। पहले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद उपस्थित होकर राष्ट्रीय किशोर सम्मान प्रदान करने वाले थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका आना निरस्त हो गया है। वें मंगलवार शाम को कार्यक्रम में वर्चुअली रूप से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में मंत्री शाह सहित सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिपं अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, विधायक कंचन तनवे, छाया मोरे, नारायण पटेल, महापौर अमृता अमर यादव अतिथि के रूप में शामिल होंगे।