Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान… सजी गीतों की महफिल, सम्मानित हुए प्रसून जोशी, सीएम ने गाया गीत

-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए

खंडवा

image

Manish Arora

Oct 15, 2025

हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि दो दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन मंगलवार शाम को पुलिस ग्राउंड में गीत-संगीत की महफिल सजी। यहां संगीत संध्या से पहले गीतकार प्रसून जोशी को मंत्री विजय द्वारा द्वारा राष्ट्रीय किशोर अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े सीएम डॉ. मोहन यादव ने किशोर दा का गीत जिंदगी एक सफर है सुहाना, यहां कल क्या हो किसने जाना.. भी गुनगुनाया।

सम्मान पट्टिका का वाचन संचालक संस्कृति एनपी नामदेव ने किया।इसके बाद मुंबई के म्यूजिकल ग्रुप हेमंत कुमार के साथ आए गायकों ने समां बांध दिया। किशोर दा के गीतों की प्रस्तुति पर गुलाबी ठंड में भी देर रात तक मजमा जमा रहा। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वर्चुअली उपस्थिति में अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया।

किशोर दा का अपना अलग अंदाज
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गायन के क्षेत्र में स्वर्गीय किशोर कुमार का अपना अलग अंदाज था, जिसे पुरानी पीढ़ी के साथ-साथ नई पीढ़ी के युवा भी काफी पसंद करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्री विजय शाह के अनुरोध पर आगामी वर्षों में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह के दो दिवसीय आयोजन की घोषणा की। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए गीतकार प्रसून जोशी ने कहा कि किशोर कुमार की यह विशेषता थी कि वे जिस हीरो के लिए गाते थे, अपनी आवाज उस हीरो की आवाज से मिलाकर गाते थे।

किशोर दा के गीतों की हुई प्रस्तुति
हेमंत कुमार म्यूजिकल ग्रुप के गायकों ने किशोर दा के गीतों की प्रस्तुतियां दी। जिसमें मैं हूं झुम झुम झुमरू…, सामने ये कौन आया दिल में हुई हलचल…, तुझ संग प्रीत लगाई सजना…, ओ मेरे दिल के चैन, चैन आए मेरे दिल को… जैसे गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विधायक कंचन मुकेश तनवे, विधायक छाया गोविंद मोरे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे, जिला भाजपाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय भी उपस्थित थे।