Ahmedabad. शहर की प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच (पीसीबी) ने सरदार पटेल रिंग रोड पर असलाली सर्कल के पास से शराब भरे एक ट्रक को पकड़ा। इसमें हेलमेट की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की 10749 बोतलें बरामद की जिसकी कीमत 63.86 लाख रुपए आंकी गई।
पुलिस निरीक्षक जे पी जाडेजा ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश पासिंग की एक ट्रक में विदेशी शराब को हेलमेट के बीच में छिपाकर जूनागढ़ ले जाया जा रहा है। इस आधार पर असलाली सर्कल पर नजर रखी गई। जैसे ही संबंधित ट्रक वहां से गुजरी तभी उसे रोककर जांच की गई। ट्रक से 64 लाख रुपए कीमत की विदेशी शराब हेलमेट की आड़ में छिपी मिली। साथ ही 1053 हेलमेट भी मिले। इस मामले में ट्रक चालक बलदेव सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया गया जो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के हवानी गांव का रहने वाला है।