
Ahmedabad. गुजरात के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने देशभर में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। केवल गुजरात ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में हुए हमलों में लिप्त आरोपियों को भी पकड़ने में अहम भूमिका निभाई है। ऑनलाइन माध्यमों से युवाओं को कट्टरपंथी बनाने वाले आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह राज्य को सुरक्षित रखने के लिए अनिवार्य है।
संघवी सोमवार को अहमदाबाद के छारोडी में गुजरात एटीएस के 48 करोड़ की लागत से बनने वाली नई इमारत के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां से गुजरात पुलिस के विभिन्न 202 करोड़ के विकास कार्यों की ऑनलाइन ही नींव रखी।
संघवी ने कहा कि अहमदाबाद पुलिस और एटीएस के लिए आज ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि एक ही दिन में सुरक्षा और आवास से जुड़े कई बड़े प्रकल्पों की नींव रखी गई है। इनमें छारोड़ी में 47.98 करोड़ की लागत से बनने वाला अत्याधुनिक एटीएस भवन के अलावा बोडकदेव में 33.49 करोड़ का अर्बन पुलिस स्टेशन, अमराईवाड़ी पुलिस लाइन में 74.62 करोड़ के पुलिस आवास और पीएसआइ क्वार्टर्स, कागडापीठ में 39.68 करोड़ से बनने वाले पुलिस आवास, सैजपुर बोघा में 5.74 करोड़ से बनने वाले डॉग केनाल व ट्रेनिंग ऑफिस और 1.34 करोड़ की लागत से एसआरपी ग्रुप-2 के बंगले के कार्य शामिल हैं।
संघवी ने कहा कि एटीएस केवल आतंकवादी हमलों के समय सक्रिय होने वाला दस्ता नहीं है, बल्कि यह 365 दिन, 24 घंटे हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली साइलेंट फोर्स है। उन्होंने बताया कि एटीएस ने पंजाब की जेलों से चल रहे नेटवर्क को तोड़ा। पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश जैसे 14 राज्यों में ड्रग अवैध फैक्ट्रियों पर दबिश देकर उनका पर्दाफाश भी किया है।
उन्होंने कहा कि 1600 किमी लंबी गुजरात की समुद्री सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठियों और ड्रग्स माफियाओं को रोकना आसान काम नहीं है। लेकिन गुजरात एटीएस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 75 से अधिक पाकिस्तानी घुसपैठियों को दबोचा है। ऐसे में एटीएस को तकनीकी रूप से ही नहीं बल्कि बजट के लिहाज से भी काफी मजबूत बनाने को सरकार प्रतिबद्ध है।
गृह राज्यमंत्री कमलेश पटेल ने कहा कि गुजरात में शांति का माहौल यह गुजरात पुलिस और एटीएस की दक्षता का परिणाम है। प्रभारी डीजीपी डॉ.के.एल.एन. राव ने कहा कि यह क्षण ऐतिहासिक है, क्योंकि पुलिस वेल्फेयर और सुरक्षा को मजबूती देने वाले कई प्रकल्पों की नींव रखी गई है। इस अवसर पर आधुनिक हथियारों और मरीन कमांडो फोर्स की क्षमताओं का भव्य प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान शहरी विकास राज्यमंत्री दर्शना वाघेला, महापौर प्रतिभा जैन, विधायक, पुलिस आयुक्त जीएस मलिक व उच्च पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
09 Feb 2026 10:11 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
