
source patrika photo
गुजरात तस्करी के लिए जा रही खेप पकड़ी; चालक गिरफ्तार
उदयपुर. गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर से करीब 5 करोड़ रुपए की अवैध शराब जब्त की है। शराब को सोयाबीन के कट्टों के नीचे छिपाकर गुजरात ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर से मिली थी सूचना
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर थानाधिकारी राजेंद्रसिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काया हाईवे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डाकन कोटड़ा की ओर से एक कंटेनर में अवैध शराब भरकर गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने काया पुलिया के पास कंटेनर को रुकवाया और तलाशी ली।
पंजाब और राजस्थान में निर्मित
तलाशी के दौरान कंटेनर में रखे सोयाबीन के कट्टों के नीचे विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 1203 कार्टन बरामद हुए। पुलिस ने कंटेनर चालक धोरा राजवा, बार ब्यावर निवासी गोपालसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह शराब पंजाब और राजस्थान निर्मित है, जिसे अवैध रूप से गुजरात ले जाया जा रहा था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से भरी गई और गुजरात में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
Published on:
07 Mar 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
