14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CI ज्योति नायक की मौत मामले में आया नया मोड़, FSL रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल से खुल सकता राज

दुर्गा मंदिर एरिया में 10 फरवरी की रात हुई सड़क दुर्घटना में सीआई ज्योति नायक की मौत के मामले में पुलिस अब इसे केवल हादसा नहीं मान रही, बल्कि साजिश की संभावना पर भी जांच कर रही है।

2 min read
Google source verification

फोटो पत्रिका नेटवर्क

श्रीगंगानगर। दुर्गा मंदिर एरिया में 10 फरवरी की रात हुई सड़क दुर्घटना में सीआई ज्योति नायक की मौत के मामले में पुलिस अब इसे केवल हादसा नहीं मान रही, बल्कि साजिश की संभावना पर भी जांच कर रही है। कोतवाली पुलिस के अनुसार घटना स्थल से एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए थे, जिनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई। हादसा करने वाली कार के चालक नितेश कुमार और मालिक अजय के मोबाइल कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं। महिला थाना की सूचना पर नितेश कुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज हो चुकी है। प्रकरण की जांच सीआई पृथ्वीपाल सिंह कर रहे हैं।

कार चालक की तस्वीर अस्पष्ट

खाजूवाला क्षेत्र चक 4 केजेडी निवासी नितेश कुमार को जिला अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि नींद नहीं आने पर कार लेकर कोडा चौक जा रहा था। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कार किसके कहने पर और कहां जा रही थी? अभी तक कार चालक की पूरी कहानी स्पष्ट नहीं हो सकी है और उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस अब कार चालक के मोबाइल कॉल, अन्य संदिग्धों की कॉल डिटेल और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों की जांच में जुटी है। अगले चौबीस घंटे में मोबाइल कंपनी से डिटेल मिलने की उम्मीद है, जो हादसे के वास्तविक पहलुओं को उजागर कर सकती है।

गश्त के दौरान हुआ था हादसा

10 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे सीआई ज्योति नायक घर से रवाना हुईं। रात्रिकालीन गश्त प्रभारी होने के कारण वे शहर के अलग-अलग चेक नाकों की मॉनीटरिंग कर रही थीं। 11 फरवरी तड़के दुर्गा मंदिर रमेश चौक के पास पायल सिनेमा की ओर से तेज रफ्तार कार ने उनके सरकारी वाहन में जोरदार टक्कर मारी। बोलेरो तीन बार घूमकर पलट गई, जिससे सिर और गर्दन की हड्डी टूटने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस दल ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।