29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, May 13, 2026

Politics Interest: भारत में चाय की टपरी से लेकर सोशल मीडिया तक चुनाव का शोर, फिर भी राजनीति में दिलचस्पी कम!

Politics Interest Survey: दुनिया भर में लोगों की राजनीति से दिलचस्पी लगातार कम हो रही है। बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों में तो राजनीति में दिलचस्पी काफी कम होती जा रही है। भारत में भी राजनीति में लोगों की दिलचस्पी काफी कम देखी गई। सर्वे में भारतीयों ने राजनीति से पहले 15 अन्य बातों को रखा। अमेरिका, जापान, ब्राजील आदि देशों में लोग राजनीति को लेकर क्या ख्याल रखते हैं, आइए जानते हैं।

political interest, Political interest survey, Statista Survey, Global political interest

राजनीति से ज्यादा करियर, मनोरंजन और लाइफस्टाइल को लोग ज्यादा महत्व दे रहे हैं। (AI)

Politics Interest Report: दुनिया भर के न्यूज चैनलों से लेकर मोबाइल फोन तक राजनीति की खबरें छाई रहती हैं। ऐसा लगता है कि हर कोई सिर्फ इसी के बारे में बात कर रहा है। लेकिन स्टैटिस्टा के सर्वे में कुछ अलग ही कहानी सामने आई है।

People's Political Interest Survey: यह सर्वे अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच दुनिया के कई बड़े देशों में किया गया। इसमें हर देश के 18 से 64 साल की उम्र वाले 12,000 से लेकर 60,000 लोगों से बात की गई। सर्वे में लोगों से पूछा गया कि उनके 18 सबसे पसंदीदा शौक या रुचियां क्या हैं? क्या राजनीति, समाज और दुनिया भर में हो रही घटनाएं उनकी निजी पसंद की लिस्ट में शामिल हैं? ज्यादातर देशों में लोगों ने राजनीति को अपनी पसंद की लिस्ट में बहुत नीचे रखा है।

भारत में राजनीति से ज्यादा करियर और लाइफस्टाइल अहम

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां के लोग राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं। सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक, घर हो या ऑफिस, राजनीतिक चर्चाएं आम बात हैं। लेकिन एक नई ग्लोबल रिपोर्ट के अनुसार भारतीय युवाओं के लिए राजनीति उनकी पसंदीदा चीजों की लिस्ट में काफी नीचे है। लोग चुनाव, नेताओं की बयानबाजी और राजनीतिक बहसों से ज्यादा अपने करियर, मनोरंजन और निजी जिंदगी को महत्व दे रहे हैं। सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में केवल 31% लोगों ने ही राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं को अपनी निजी रुचि बताया।

भारतीयों की पसंद में राजनीति 16वें नंबर पर

इस सर्वे में लोगों के सामने खेल, सिनेमा, घूमना-फिरना, स्वास्थ्य और तकनीक समेत 18 अलग-अलग विषय रखे गए थे। इनमें भारतीयों ने राजनीति को 16वें स्थान पर रखा। एक आम भारतीय के लिए राजनीति से ज्यादा 15 दूसरी चीजें अहम हैं, जिनमें वह ज्यादा दिलचस्पी दिखाता है। देश में भले ही चुनाव किसी त्योहार की तरह मनाए जाते हों और वोटिंग के दिन लोग लंबी लाइनों में लगकर मतदान करते हों, लेकिन जब बात निजी शौक और रोजमर्रा की पसंद की आती है, तो राजनीति उनकी पहली, दूसरी, बल्कि टॉप 10 पसंद में भी शामिल नहीं है।

आंकड़े बताते हैं कि भारतीय समाज तेजी से बदल रहा है और युवाओं की प्राथमिकताएं अब राजनीति से आगे बढ़कर करियर, लाइफस्टाइल और मनोरंजन की ओर शिफ्ट हो रही हैं। ऐसा नहीं है कि सिर्फ भारत के लोग ही राजनीति से दूरी बना रहे हैं। दुनिया के कई बड़े और विकसित देशों में हालात भारत से भी ज्यादा अलग हैं।

ब्राजील में राजनीति को लेकर लोगों में सबसे ज्यादा दिलचस्पी

रिपोर्ट के मुताबिक ब्राजील में सबसे अलग नजर आता है। जहां दुनिया के कई देशों में लोग राजनीति से दूरी बना रहे हैं, वहीं ब्राजील में अब भी बड़ी संख्या में लोग राजनीतिक मुद्दों में दिलचस्पी लेते हैं। सर्वे के आंकड़ों के अनुसार ब्राजील में 41 % लोगों ने राजनीति और करंट अफेयर्स को अपनी पसंद बताया। 18 अलग-अलग रुचियों की सूची में राजनीति को 9वां स्थान मिला, जिसका मतलब ये है कि ब्राजील में राजनीति सिर्फ चुनावी मौसम की चीज नहीं, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और बातचीत का अहम हिस्सा बना हुआ है।

जर्मनी और फिनलैंड में राजनीति को लेकर जागरूकता

जर्मनी और फिनलैंड जैसे यूरोप के देशों में भी लोगों की राजनीति में अच्छी दिलचस्पी देखने को मिली। जर्मनी में 32 % लोगों ने माना कि उन्हें राजनीति और देश-दुनिया के मुद्दों में रुचि है। वहां लोगों ने राजनीति को अपनी पसंद की चीजों में 7वां स्थान दिया। वहीं फिनलैंड में 33 % लोगों ने राजनीति में दिलचस्पी दिखाई और यहां राजनीति 9वें नंबर पर रही। इससे पता चलता है कि इन देशों में लोग सिर्फ वोट डालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकार के फैसलों, नीतियों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी ध्यान रखते हैं।

मेक्सिको और ब्रिटेन में राजनीति से बढ़ती दूरी

मेक्सिको में राजनीति को पसंद करने वाले लोगों की संख्या ज्यादा नहीं दिखी। यहां सिर्फ 27% लोगों ने कहा कि उन्हें राजनीति और करंट अफेयर्स में दिलचस्पी है। लोगों ने राजनीति को अपनी पसंद की सूची में 15वां स्थान दिया, मेक्सिको भी आम लोग राजनीति से ज्यादा दूसरी चीजों में रुचि रखते हैं। वहीं ब्रिटेन में 26% लोगों ने राजनीति को पसंद बताया और इसे 12वीं रैंक दी। इससे यह पता चलता है कि दुनिया के कई बड़े लोकतांत्रिक देशों में अब लोगों की प्राथमिकताएं बदल रही हैं और राजनीति उनकी सबसे पसंदीदा चीज नहीं रह गई है।

चीन और अमेरिका में भी राजनीति को कम प्राथमिकता

चीन और अमेरिका जैसे दुनिया के दो सबसे ताकतवर देशों का आंकड़ा इस मामले में एक जैसा ही निकला है। दोनों ही देशों में सिर्फ 24%-24% लोगों ने कहा कि उन्हें राजनीति और देश-दुनिया के मुद्दों में दिलचस्पी है। हालांकि रैंकिंग में थोड़ा फर्क जरूर दिखा। चीन में राजनीति को 11वां स्थान मिला, जबकि अमेरिका में यह 13वें नंबर पर रही। इसका मतलब साफ है कि दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक और राजनीतिक ताकतों में भी आम लोग अब राजनीति से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी, करियर, टेक्नोलॉजी और मनोरंजन जैसी चीजों पर ध्यान दे रहे हैं।

जापान और फ्रांस में बदल रही लोगों की रुचियां

जापान जैसे तकनीक और आधुनिक जीवनशैली के लिए मशहूर देश में है। लेकिन राजनीति में लोगों की पसंद कम देखने को मिली। यहां सिर्फ 23% लोगों ने कहा कि उन्हें राजनीति और करंट अफेयर्स में दिलचस्पी है, पर रैंकिंग में राजनीति को 8वां स्थान मिला, जिससे पता चलता है कि जापान में लोग राजनीति को पूरी तरह नजरअंदाज भी नहीं करते। वहीं लोकतंत्र, विरोध-प्रदर्शन और राजनीतिक बहसों के लिए मशहूर फ्रांस में आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ 20% लोगों ने ही राजनीति में रुचि दिखाई। लोगों ने राजनीति को अपनी पसंद की सूची में 15वें नंबर पर रखा। फ्रांस के भी लोग राजनीति से ज्यादा अपनी रोजमर्रा की जिंदगी, मनोरंजन और निजी पसंद को महत्व दे रहे हैं।

बदलती जरूरतों ने बदली सोच

इन आंकड़ों के अनुसार पूरी दुनिया में राजनीति लोगों का पसंदीदा शौक या टाइमपास नहीं रही। इसकी वजह यह है कि आज की राजनीति पहले से ज्यादा आक्रामक, तनावभरी और नकारात्मक हो गई है। टीवी डिबेट्स और सोशल मीडिया पर हर वक्त आरोप-प्रत्यारोप और शोर-शराबा देखने को मिलता है, जिससे लोग मानसिक रूप से थकने लगे हैं। दूसरी तरफ आम लोगों की प्राथमिकताएं भी बदल चुकी हैं। महंगाई, रोजगार, अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य और करियर जैसे मुद्दे अब उनके लिए ज्यादा जरूरी हैं। खासकर युवा वर्ग अपना समय स्किल्स सीखने, पैसा कमाने और बेहतर लाइफस्टाइल बनाने में लगाना चाहता है। लगातार आने वाली खबरों और राजनीतिक नोटिफिकेशन्स ने भी लोगों को न्यूज फटीग का शिकार बना दिया है। जिसके कारण राजनीति से ज्यादा हेल्थ, मनोरंजन, ट्रैवल, टेक्नोलॉजी और परिवार के साथ समय बिताने जैसी चीजों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें