पटना, May 31, 2026

TMC नेता अभिषेक बनर्जी पर हमला
TMC MP Abhishek Banerjee Attack: पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। अब इस मामले पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का बयान आया है। तेजस्वी यादव ने इस हमले को भाजपाई सत्ता द्वारा प्रायोजित बताया और सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया।
तेजस्वी यादव ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए एक चिंताजनक संकेत बताया। उन्होंने कहा, 'TMC के सांसद भाई अभिषेक बनर्जी पर भाजपाई सत्ता द्वारा प्रायोजित कायराना हमला निंदनीय और चिंताजनक है। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। दुर्भाग्य है कि सत्ता में बैठे आपराधिक प्रवृत्ति के लोग ऐसी हिंसा के पोषक, संरक्षक और संचालक हैं।'
तेजस्वी ने आगे देश की मौजूदा कानून व्यवस्था और निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए एक बड़ा तंज कसा। उन्होंने लिखा, 'विचित्र स्थिति है कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी किस से की जाए?'
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने अमेरिकी लोकतंत्र और भारतीय लोकतंत्र की तुलना करते हुए लिखा, 'लोकतंत्र में नीतिगत विरोध, असहमति, वैचारिक मतभेद और प्रदर्शन समृद्ध व स्वस्थ लोकतंत्र का परिचायक है। सहमति और संवाद की जगह अराजकता, द्वेष और हिंसा को प्रोत्साहित करना जनतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर खतरा है। ट्रम्प पर हमले को अमेरिकी लोकतंत्र के लिए खतरा बताने वाले प्रधानमंत्री मोदी जी भारतीय लोकतंत्र में इस राजनीतिक हिंसा और हमले की निंदा करेंगे कि नहीं?'
टीएमसी के नंबर दो नेता और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी प्रभावित परिवारों से मिलने सोनारपुर पहुंचे थे। इसी दौरान एक उग्र भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया, जिसमें उनके ऊपर अंडे, जूते और पत्थर फेंके गए। हमले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने अभिषेक बनर्जी को पुलिस का हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन इस आपाधापी में उनकी शर्ट फट गई और चश्मा भी टूट गया। हमले में घायल होने के बाद अभिषेक बनर्जी को इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी उनका हालचाल जानने पहुंचीं।
संबंधित विषय:
Published on: 31 May 2026 07:10 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।