30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पटना, May 30, 2026

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: पीके ने शुरू किया सियासी भोज, बीजेपी को उम्मीदवार का इंतजार

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वह लगातार जनसंपर्क, बैठकों और भोज कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र में माहौल बनाने में जुटे हैं। वहीं, बीजेपी की ओर से उम्मीदवार को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।

prashant kishor

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की ‘भोज राजनीति’ भी चर्चा का विषय बनी हुई है। जन सुराज की ओर से 28 मई को पटना के मीठापुर में दिन-भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

उधर, दो दिन पहले मोतिहारी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने साफ कहा था कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव जीतने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह किया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह स्वयं इस सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इसी अंदाज में जवाब दिया था। इसके बाद से प्रशांत किशोर और उनकी टीम बांकीपुर में चुनावी रणनीति को धार देने में जुटी हुई है।

बांकीपुर में पीके ने तेज की चुनावी तैयारी

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है। इस सीट पर जल्द ही उपचुनाव होने की संभावना है, जिसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भी इस सीट पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वह वार्ड स्तर पर आम लोगों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। साथ ही, गली-मुहल्लों में अपनी टीम के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया गया है, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों से संपर्क कर फीडबैक जुटा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को बकरीद के अवसर पर प्रशांत किशोर की ओर से पटना के मीठापुर में भोज का आयोजन किया गया, जिसकी राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा हो रही है।

बांकीपुर में बीजेपी का पत्ता अभी बंद

इधर, उपचुनाव की घोषणा से पहले प्रशांत किशोर की बढ़ती सक्रियता के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारतीय जनता पार्टी इस सीट से किसे उम्मीदवार बनाएगी। हालांकि कई नाम चर्चा में हैं। भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह और हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं रितु जायसवाल के नाम सोशल मीडिया पर लगातार उछाले जा रहे हैं। हालांकि, भाजपा के नेता और पदाधिकारी इस मुद्दे पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा भी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सर्वे करा रही है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही पार्टी अपने उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला ले सकती है।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें