11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर, रंगदारी वसूलने आया था वांटेड अपराधी सूर्या, STF ने मारी गोली

Bihar News: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। बुधवार सुबह STF और स्थानीय पुलिस की टीम ने पटना के गायघाट ब्रिज के नीचे घेराबंदी कर कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ ​​सूर्या को शूटआउट के बाद गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Feb 11, 2026

bihar police encounter, bihar news

यह सांकेतिक तस्वीर है। (AI Generated)

Bihar News: बुधवार सुबह राजधानी पटना में गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गायघाट पुल के नीचे मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ ​​सूर्या को पकड़ लिया। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। उसे घायल हालत में तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NMCH) ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सूर्या लंबे समय से वांटेड था और उसके खिलाफ लूट, डकैती, अवैध हथियार, चोरी के सामान की तस्करी, धोखाधड़ी और शराब तस्करी समेत दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह पटना के खाजेकलां इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

घेराबंदी के बाद फायरिंग शुरू हुई

पुलिस जानकारी मिली थी कि सूर्या इलाके में छिपा हुआ है। आलमगंज थाना की पुलिस और STF की टीम ने सुबह-सुबह इलाके में रेड मारी और उसे घेर लिया। फंसा हुआ महसूस करते हुए उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। करीब तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गिर गया। उसे तुरंत पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि मौके से एक पिस्टल, कारतूस और दूसरी चीजें बरामद हुई हैं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से सबूत इकट्ठा किए।

एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गायघाट और आस-पास के इलाके को घेर लिया है। उसके साथियों के भी आस-पास होने की संभावना है। एक्स्ट्रा फोर्स तैनात कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

रंगदारी वसूलने आया था सूर्या

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि राजीव कुमार उर्फ सूर्या रंगदारी वसूलने के इरादे से गायघाट इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस टीम ने सूर्या को घेरने की कोशिश की, अपराधी ने टीम पर अचानक हमला बोल दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सूर्या के पैर में एक गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

परिचय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से 01 देसी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस तथा 01 गोली का खोखा बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त राजीव उर्फ सूर्या का पुराना और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब उन मामलों की सूची तैयार कर रही है जिनमें वह वांछित था। वर्तमान मामले में पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।

लगातार एक्शन में बिहार पुलिस

इस साल राजधानी पटना और आस-पास के जिलों में STF की सक्रियता काफी बढ़ गई है। कई कुख्यात अपराधियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चल रहे हैं। जिन पर गंभीर आरोप हैं, उन पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जानकारी मिलने पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है।

2026 में बिहार पुलिस का अपराधियों के खिलाफ यह पांचवां एनकाउंटर है। 2 जनवरी को खगौल में 20 मामलों के आरोपी मैनेजर राय के पैर में गोली लगी थी। 11 जनवरी को मनेर में कुख्यात नीतीश यादव को 'हाफ एनकाउंटर' में गोली लगी थी। 22 जनवरी को मसौढ़ी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बिहार इंचार्ज परमानंद यादव के पैर में गोली लगी थी। फरवरी की शुरुआत में वैशाली में पुलिस एनकाउंटर में 2 लाख रुपये का इनामी प्रिंस कुमार मारा गया था और अब पटना में गायघाट ब्रिज के नीचे सूर्या के पैर में गोली लगी है।