
प्रत्येक स्कूल में विज्ञान संकाय हो
दूर दराज के गांवों की सरकारी स्कूलों में विज्ञान संकाय की सुविधा नहीं होने के कारण होनहार विद्यार्थी विज्ञान से नहीं जुड़ पाते हैं। मजबूरी में उन्हें अन्य विषय चुनने पड़ते हैं। बच्चों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे लाने के लिए गांवों की सरकारी स्कूलों में विज्ञान संकाय लागू किया जाना अनिवार्य बनाया जाए एवं वहां प्रयोगशाला भी संचालित हो। - अजीतसिंह सिसोदिया, बीकानेर
क्रियाशीलता को बढ़ावा दे
एक बच्चे में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए उसकी सवाल पूछने की आदत को विकसित करना चाहिए। जब बच्चा सवाल पूछता है तो उसका यहीं मतलब होता है कि वह कुछ नया जानने की कोशिश कर रहा है। इसलिए बच्चों में सवाल पूछने की आदत को बढ़ावा मिलना चाहिए। इससे उनकी क्रियाशीलता और जिज्ञासा में वृद्धि होती है। - प्रियव्रत चारण, जोधपुर
विज्ञान की गतिविधियों में शामिल करें
बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए उन्हें प्रश्न पूछने, प्रयोग करने, अवलोकन करने और तर्क करने के लिए प्रोत्साहित करें। घर और स्कूल में विज्ञान-आधारित गतिविधियों, इंटरेक्टिव किताबों और प्राकृतिक अन्वेषण का माहौल बनाएं। उन्हें अपनी खोजों को रिकॉर्ड करने और डेटा का विश्लेषण करने के लिए प्रेरित करें, जिससे उनकी जिज्ञासा बढ़े और वे रटने की बजाय समझने पर ध्यान दें। - हमीर लवारन, जोधपुर
वैज्ञानिक फिल्म दिखाएं
सभी बच्चों में कुछ अलग सोचने, अनोखे सवाल पूछने एवं कुछ नया करने की जिज्ञासा होती है। बच्चों को जवाब और वातावरण भी उन्हीं की सोच के अनुरूप मिले तो उनकी ललक व दिमागी स्तर और बढ़ जाता है। विद्यालयों में वैज्ञानिकों के आविष्कारों को समझाने से संबंधित प्रतियोगिताएं होनी चाहिए। इसरो संबंधित जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए तथा इसरो सम्बंधित फिल्म दिखाने से भी उनकी वैज्ञानिक सोच विकसित कर सकते हैं। - शत्रुघन सोनी, भीलवाड़ा
वैज्ञानिकों की जानकारी दें
बच्चों में क्यों-कैसे जानने की उत्सुकता हमेशा बनी रहती है। अतः शिक्षक और माता-पिता उन्हें नित्य हो रही नई खोज और तकनीकी जानकारी दें। उन्हें विज्ञान की पत्र-पत्रिकाएं पढ़ने के लिए दें। बच्चों को आस-पास हो रही विज्ञान-प्रदर्शनी दिखाएं और विज्ञान संबंधी पहेलियां पूछते रहें। साथ ही, वैज्ञानिकों की जीवनी बताएं ताकि उनमें भी नये अनुसंधान करके वैज्ञानिक बनने की इच्छा विकसित हो सके। - विभा गुप्ता, बैंगलुरु
पूर्वाग्रही विचारों पर तर्क करना सिखाएं
किसी बच्चे की वैज्ञानिक चेतना और तार्किक सोच को विकसित करना समाज की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पाठ्यक्रम, भौतिक सुविधाएं एवं प्रायोगिक कार्य प्रदान कर उनमें वैज्ञानिक नजरिया विकसित किया जाए। बच्चों को भी निरीक्षण, प्रयोग तथा निष्कर्ष निकालने के अवसर दिए जाएं। छात्रों द्वारा किए गए प्रश्नों का उचित उत्तर दिया जाए उनकी उचित सोच को प्रोत्साहित किया जाए। बच्चे को अपने परिणामों और निष्कर्षों के लिए वैज्ञानिक प्रमाण खोजने के लिए प्रोत्साहित करें। उसे पारंपरिक, रूढ़िबद्ध और निराधार पूर्वाग्रही विचारों पर तर्क-वितर्क करना सिखाएं। - प्रवेश भूतड़ा, सूरत
विज्ञान अनुकूल महौल बनाएं
बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए तार्किक सोच बच्चों को सिखाएं। उन्हें किसी बात को आंख बंद करके मानने के बजाय, उसके पीछे के तर्क और वैज्ञानिक प्रमाण खोजने के लिए प्रेरित करें। बच्चों को अपनी खोजों को लिखने, चित्र बनाने या तस्वीरें लेने के लिए कहें, यह एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक कौशल है। बच्चों में जिज्ञासा जगाना, सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित करना, घर पर विज्ञान अनुकूल माहौल बनाना, सरल प्रयोगों के द्वारा भी वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सकती है। - सुरेश विश्नोई, पोकरण
विज्ञान मेलों में लेकर जाएं
बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की शुरुआत घर और प्राथमिक पाठशाला से होनी चाहिए। बच्चों को क्या के साथ-साथ क्यों और कैसे पूछने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। जब बच्चा कोई सवाल पूछे, तो उसे दबाने के बजाय उसे स्वयं उत्तर खोजने के लिए प्रेरित करें। दैनिक जीवन की छोटी-मोटी घटनाओं, जैसे कि वर्षा का होना या पौधों का बढ़ना, के पीछे छिपे वैज्ञानिक कारणों को सरल प्रयोगों द्वारा समझाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, रटने की प्रवृत्ति को छोड़कर सीखने की प्रायोगिक शिक्षा पर बल देना आवश्यक है। विज्ञान मेलों, पुस्तकालयों और प्रकृति भ्रमण के माध्यम से उनमें विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाई जा सकती है। जब बच्चे तथ्यों को परखना और प्रमाणों के आधार पर सोचना शुरू करेंगे, तभी उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण का जन्म होगा। - राजेन्द्र कुमार जांगिड़, बालोतरा
वैज्ञानिक कहानियां सुनाएं
बच्चों में किसी भी जानकारी को दिमाग में रिकार्ड करने की क्षमता अत्यधिक होती है। चूंकि संसार की सभी चीजों में कोई न कोई वैज्ञानिकता अवश्य होती है इसलिए बच्चों की रुचि को समझकर उनकी रुचि के अनुसार विषय उनको सिखाए जाएं। विज्ञान की चीजों एवं सिद्धांतों को सरल भाषा में धीरे-धीरे समझाया जाए। विज्ञान से संबंधित छोटी कहानियां, खिलौनें आदि बच्चो के मन में वैज्ञानिक जिज्ञासा पैदा कर सकते हैं। साथ ही बच्चों के द्वारा प्रश्न पूछने पर उनका वैज्ञानिक दृष्टि से जवाब देने से भी उनकी वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सकती है। - अक्षिता मांजू, पोकरण
वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहन दें
बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना सबसे आवश्यक है। उन्हें प्रश्न पूछने, तर्क करने और स्वयं उत्तर खोजने का अवसर देना चाहिए। प्रयोग, गतिविधि आधारित शिक्षा, विज्ञान किट, पुस्तकें और प्रकृति अवलोकन इसमें सहायक हैं। असफलता को सीख का हिस्सा मानना, डिजिटल संसाधनों का रचनात्मक उपयोग और चर्चा-संवाद से सोच गहरी होती है। अभिभावकों व शिक्षकों का सकारात्मक मार्गदर्शन वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ बनाता है। - इशिता पाण्डेय, कोटा
Published on:
19 Jan 2026 04:58 pm
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग
