
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक बेहद सनसनीखेज क्राइम मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी को तीन बार जहर देकर मारने की कोशिश की। लेकिन इसके बावजूद भी जब उसकी पत्नी की जान बच गई तो आरोपी ने कॉन्ट्रैक्ट किलर को सुपारी देकर अपनी पत्नी की हत्या करा दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुरूआत में यह मामला एक साधारण सड़क दुर्घटना जैसा लग रहा था, लेकिन जांच के साथ इसमें हत्या की साजिश सामने आई।
आरोपी पति की पहचान प्रकाश गावंडे के रूप में हुई है और उसकी पत्नी वृषाली गावंडे पेशे से एक टीचर थीं। जानकारी के मुताबिक प्रकाश ने पहले अपनी पत्नी को खत्म करने के लिए कई बार उसके खाने में जहर मिलाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसने कम से कम तीन बार यह कोशिश की, लेकिन हर बार उसकी योजना सफल नहीं हो सकी। पत्नी की तबीयत बिगड़ने के बावजूद वह बचती रही, जिससे आरोपी की योजना बार बार नाकाम होती रही। इसके बाद आरोपी ने एक नया और खतरनाक रास्ता चुना और हत्या की सुपारी देने का फैसला कर लिया।
घटना 2 मार्च को हुई जब वृषाली अपने स्कूटर से जा रही थीं। उसी दौरान एक सफेद टाटा इंट्रा वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शुरुआत में यह मामला एक सामान्य रोड एक्सीडेंट जैसा लगा और किसी को संदेह नहीं हुआ। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया जिसका नंबर एमएच 28 बीबी 5753 था। पुलिस को शक हुआ कि यह वाहन घटना से पहले और बाद में आसपास मंडरा रहा था। इसी सुराग ने पूरे मामले को पलट कर रख दिया और दुर्घटना की कहानी हत्या की साजिश में बदल गई।
पुलिस ने जांच के दौरान वाहन के मालिक मनीष सूर्यवंशी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। उसके अनुसार प्रकाश गावंडे ने मंगेश चुलकर नाम के व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या करने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। चुलकर ने ही सूर्यवंशी को वाहन से स्कूटर को टक्कर मारने के लिए भेजा था। पुलिस ने इस खुलासे के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपियों को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पति पत्नी के बीच ऐसा कौन सा विवाद था जिसने इस खौफनाक अपराध को जन्म दिया।
Updated on:
10 Mar 2026 03:03 pm
Published on:
10 Mar 2026 02:46 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
