1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागौर, Jun 01, 2026

Social Harmony: राजस्थान के इस गांव में बरसो बाद मिलेंगी बहन-बेटियां, रिश्तों में फिर घुलेगी अपनत्व की मिठास

Women Empowerment: नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का बनेगा खास अवसर। स्नेह, संवाद और सम्मान का उत्सव बनेगा कोलाडूंगरी का समारोह।

Community Gathering

समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को ठाकुर जी महाराज मंदिर परिसर में राजपूत समाज की बैठक। फोटो पत्रिका

Community Gathering: नागौर। भागदौड़ भरी जिंदगी और बदलते सामाजिक परिवेश में जहां रिश्तों के बीच दूरियां बढ़ती महसूस हो रही हैं, वहीं नागौर जिले के बोरावड़ के निकट एक गांव कोलाडूंगरी में होने वाला बहन-बेटी-भुवासा स्नेह मिलन समारोह रिश्तों की उसी खोती हुई आत्मीयता को फिर से जीवंत करने का प्रयास करेगा। आगामी 9 और 10 जून को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में समाज की बहन-बेटियां और भुवासाएं एक मंच पर मिलकर न केवल पुराने संबंधों को ताजा करेंगी, बल्कि नई पीढ़ी को भी पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

वर्तमान समय में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता

समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को ठाकुर जी महाराज मंदिर परिसर में राजपूत समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि वर्तमान समय में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है, क्योंकि समाज को जोड़ने वाले रिश्ते और परंपराएं तभी मजबूत रह सकती हैं जब लोगों के बीच संवाद और मेल-मिलाप बना रहे।

वर्षों बाद बड़ी संख्या में बहन-बेटियां और भुवासाएं एक साथ मिलेंगी

आयोजकों का कहना है कि वर्षों बाद बड़ी संख्या में बहन-बेटियां और भुवासाएं एक साथ मिलेंगी। कई परिवार ऐसे भी होंगे जिनके सदस्य लंबे समय बाद एक-दूसरे से रूबरू होंगे। ऐसे में यह समारोह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि भावनाओं, यादों और अपनत्व का उत्सव बन जाएगा। बुजुर्गों के अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा के बीच संवाद स्थापित करने का यह एक अनूठा अवसर भी होगा।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतिभा सम्मान समारोह और विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। समाज की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ आपसी परिचय और संवाद को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष कार्यक्रम रखे जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सहयोग और पारिवारिक एकता को नई दिशा देते हैं।

समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का संकल्प

बैठक में उपस्थित समाजबंधुओं ने समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह स्नेह मिलन समारोह रिश्तों की डोर को और मजबूत करेगा तथा समाज को एक सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें