मऊ, May 02, 2026

Train Cancelled(photo-patrika)
Rail News: घोसी लोकसभा क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से लंबित दोहरीघाट-औड़िहार मेमो ट्रेन सेवा को रेलवे बोर्ड ने आखिरकार आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। अब यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी, जिससे पूरे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इस निर्णय से लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय के लगातार प्रयासों को दिया जा रहा है। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कई बार रेल मंत्रालय को पत्र लिखे और संसद में भी जोरदार तरीके से उठाया। सांसद ने न केवल सदन में क्षेत्र की जनता की आवाज बुलंद की, बल्कि रेलवे अधिकारियों और मंत्रालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखकर इस मांग को मंजूरी दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, ट्रेन संख्या 65121/65122 दोहरीघाट- औड़िहार मेमो सेवा अब प्रतिदिन चलाई जाएगी। यह ट्रेन दोहरीघाट से शुरू होकर मुरादपुर हाल्ट, अमिला, घोसी, कोपागंज, इंदारा, मऊ, दुल्लहपुर, जखनियां, सादात होते हुए औड़िहार तक जाएगी। इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा बेहद सुविधाजनक साबित होगी।
इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और किसानों को सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा का विकल्प मिलेगा। खासकर दैनिक यात्रियों को इससे काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, इस सेवा से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा व रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। यह ट्रेन सेवा केवल एक परिवहन सुविधा नहीं है, बल्कि घोसी लोकसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की तरक्की को नई रफ्तार देगा।
संबंधित विषय:
Published on: 02 May 2026 10:31 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।