मऊ, May 29, 2026

मऊ में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या (सोर्स-पत्रिका)
Murder News: मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोलमन गांव में देर रात एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले में प्रस्तावित आगमन से महज 12 घंटे पहले हुई इस वारदात ने पुलिस महकमे में भी हलचल मचा दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी कर दी गई है।
मृतक की पहचान रामजनम राजभर (60) पुत्र स्वर्गीय राजदेव राजभर निवासी ग्राम ढोलमन, ब्लॉक रतनपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामजनम शनिवार रात गेहूं का आटा पिसवाकर घर लौट रहे थे। जब वह अपने घर से करीब 300 से 400 मीटर पहले पहुंचे, तभी रास्ते में घात लगाए हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने रामजनम को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रवेश राजभर ने बताया कि रामजनम राजभर मिलनसार और सामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उन्होंने आशंका जताई कि गांव में लंबे समय से चल रहे नाली विवाद को लेकर यह हत्या की गई हो सकती है।
हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद हलधरपुर पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
संबंधित विषय:
Published on: 29 May 2026 05:23 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।