
सीबीएसई परीक्षा प्रश्नपत्र के क्यूआर कोड को स्कैन करते ही बज रहा म्यूजिक।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की परीक्षाओं के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कक्षा 12वीं की एप्लाइड मैथमेटिक्स (Applied Mathematics) के प्रश्न पत्र पर दिए गए क्यूआर कोड (QR Code) को जब छात्रों और शिक्षकों ने स्कैन किया तो वे दंग रह गए। आमतौर पर सुरक्षा और प्रामाणिकता के लिए दिया जाने वाला यह कोड इस बार किसी सरकारी वेबसाइट के बजाय सीधे एक यूट्यूब वीडियो पर ले जा रहा था।
मामला छात्रों और अभिभावकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। लखनऊ समेत प्रदेश के कई अन्य शहरों से ऐसी खबरें आईं कि प्रश्न पत्र के फ्रंट पेज पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक विदेशी संगीत वाला यूट्यूब वीडियो प्ले हो रहा है। देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने बोर्ड की गोपनीयता और प्रश्नपत्र की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई अभिभावकों ने इसे तकनीकी लापरवाही बताया। वहीं, कुछ ने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक माना।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीएसई ने तुरंत अपना पक्ष रखा। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र पूरी तरह से प्रमाणिक हैं और उनकी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं हुआ है। बोर्ड के अनुसार, प्रश्न पत्रों में सुरक्षा के लिए कई फीचर्स दिए जाते हैं और क्यूआर कोड भी उसी का हिस्सा है। हालांकि कुछ सेट्स में तकनीकी गड़बड़ी के कारण क्यूआर कोड स्कैन करने पर यूट्यूब लिंक खुलने की बात सामने आई है। बोर्ड ने छात्रों और शिक्षकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। बोर्ड ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी तकनीकी त्रुटि दोबारा न हो इसके लिए सिस्टम में जरूरी सुधार किए जा रहे हैं। फिलहाल बोर्ड के स्पष्टीकरण के बाद विवाद थम गया है। लेकिन शिक्षा जगत में इस 'म्यूजिकल क्यूआर कोड' को लेकर चर्चाएं अभी भी तेज हैं।
Updated on:
10 Mar 2026 03:47 pm
Published on:
10 Mar 2026 03:28 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
