कानपुर, May 29, 2026

मृतिक महिला कायनात (फाइल फोटो)
कानपुर के बाबूपुरवा थाना क्षेत्र स्थित बगाही कब्रिस्तान में शुक्रवार को उस समय सनसनी मच गई, जब 12 दिन पहले दफनाई गई विवाहिता कायनात का शव दोबारा कब्र से निकाला गया। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। मृतका की संदिग्ध मौत को लेकर मायके पक्ष लगातार हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप लगा रहा था। अब शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी कार्रवाई मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराई गई।
जानकारी के मुताबिक, बाबूपुरवा निवासी कायनात की शादी करीब 18 महीने पहले हुई थी। 15 मई को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने दावा किया था कि कायनात ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं, मायके पक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से लगातार दहेज की मांग की जा रही थी और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि कायनात की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। इसी विवाद को लेकर परिवार ने न्यायालय की शरण ली थी।
मायके पक्ष की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को उन्नाव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बगाही कब्रिस्तान में कब्र खुदवाई गई और शव बाहर निकाला गया। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में पूरी कराई गई। कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि हर पहलू रिकॉर्ड में रहे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बाबूपुरवा थाना पुलिस के अलावा उन्नाव पुलिस के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन को आशंका थी कि कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन सकती है। इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतका के परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
संबंधित विषय:
Published on: 29 May 2026 10:32 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।