Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jodhpur: खुशबू की मौत मामले में पति गिरफ्तार, ससुर हिरासत में; रात को पोस्टमार्टम पर बनीं सहमति

Khushboo Death Case: महिला की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने रात को ससुर को हिरासत में लिया।

2 min read
Google source verification
Khushboo-death-case

धरने पर बैठे परिजन व इनसेट में मृतका खुशबू। फोटो: पत्रिका

जोधपुर। पावटा सी रोड पर एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर रिमाण्ड पर लिया। दिनभर मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने के बाद रात को ससुर को हिरासत में लिया गया। निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर शनिवार रात धरना समाप्त करने का निर्णय किया गया। अब संभवत: रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

आइपीएस व सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) प्रतीक सिंह ने बताया कि प्रकरण में पावटा सी रोड बीजेएस कॉलोनी निवासी मृतका खुशबू के पति हर्षित सिंह राजपुरोहित को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया है। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश करने चार दिन रिमाण्ड पर भेजा गया। उसके पिता चंदन सिंह उर्फ चन्द्रसिंह को भी हिरासत में लिया गया है। पीडि़त पक्ष के बयान, पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

उधर, एफएसएल ने मौका पर जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतका का मोबाइल जब्त किया गया है। जिसे जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। गौरतलब है कि पावटा सी रोड पर बीजेएस कॉलोनी निवासी खुशबू पत्नी हर्षितसिंह राजपुरोहित की शुक्रवार सुबह एमडीएम अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। संदिग्ध हालात में तबीयत खराब होने के बाद उसे 22 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद खुशबू की मृत्यु हो गई थी। शव मोर्चरी में रखवाया गया था।

परिजन पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े

पाली जिले में रोहट थानान्तर्गत धरमधारी गांव निवासी मृतका खुशबू के भाई इन्द्रजीतसिंह ने महिला थाना (पूर्व) में पति हर्षितसिंह, ससुर चन्द्रसिंह उर्फ चन्दनसिंह, सास मंजू देवी, जेठ अंकित सिंह व ननद साक्षी के खिलाफ दहेज के लिए तंग-प्रताडि़त और जहर देकर मारने का प्रयास का मामला दर्ज कराया था। खुशबू की मृत्यु पर दहेज हत्या की धारा जोड़ी गई थी। जांच आइपीएस व एसीपी (पूर्व) प्रतीक सिंह कर रहे हैं।

परिजन का आरोप है कि दहेज व कार लाने का दबाव डालकर खुशबू को प्रताडि़त किया जा रहा था। आरोपियों ने उसे जहर दिया था। परिजन व समाज के लोग दूसरे दिन भी मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। वे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर कर रहे थे। धरने में भाजपा के सुमेरसिंह, कांग्रेस के किशोरसिंह व आरएलपी के थानसिंह डोली, सतीश सिंह राजपुरोहित भी शामिल हुए। महामंदिर थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह देवड़ा ने बताया कि मांगों पर सहमति बनने के बाद देर रात धरना समाप्त किया गया। अब संभवत: रविवार को बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।