
झुंझुनूं शहर के गुढ़ा मोड़ इलाके में एक बस कंडक्टर पर ऑटो ड्राइवर और उसके साथियों की ओर से कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बस यूनियन में भारी आक्रोश है और प्रशासन से ऑटो चालकों की मनमानी पर लगाम लगाने की मांग तेज हो गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित बस कंडक्टर विक्रम के अनुसार विवाद की शुरुआत चनाना क्षेत्र से हुई। वहां एक ऑटो ड्राइवर कथित रूप से बस स्टैंड के पास से सवारियां बैठा रहा था। विक्रम ने उसे नियमों का हवाला देते हुए समझाया कि ऑटो केवल नगरपालिका क्षेत्र के भीतर ही संचालित किए जा सकते हैं और इस क्षेत्र से सवारी नहीं बैठानी चाहिए। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर ऑटो ड्राइवर ने रंजिश पाल ली। जैसे ही बस झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ पर पहुंची, पहले से मौजूद ऑटो ड्राइवर और उसके 4-5 साथियों ने बस रुकवाकर विक्रम पर हमला कर दिया। हमले में कंडक्टर को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बस यूनियन के सदस्य बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। यूनियन सदस्य दिलीप ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी और दबंगई बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऑटो संचालन को उनके निर्धारित क्षेत्र तक सीमित किया जाए और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। यूनियन प्रतिनिधियों ने स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत भी सौंपी है।
थाना अधिकारी श्रवण कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने एक ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से बस यूनियन और ऑटो चालकों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस विवाद को कैसे सुलझाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाता है।
Updated on:
24 Feb 2026 12:45 pm
Published on:
24 Feb 2026 12:32 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
