28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Crime News: राजस्थान रोडवेज बस में महिला का मंगलसूत्र चोरी, तलाशी पर मचा बवाल

झुंझुनूं रोडवेज बस डिपो पर अस्पताल से लौट रही महिला का सोने का मंगलसूत्र भीड़भाड़ के दौरान बस में चोरी हो गया। घटना के बाद यात्रियों की तलाशी को लेकर बस में विवाद बढ़ गया और करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा।

2 min read
Google source verification
Crime in bus mangalsutra theft uproar in jhunjhunu bus depot

रोडवेज बस स्टैंड पर पीडि़त व जमा अन्य लोग। फोटो: पत्रिका

Jhunjhunu News: शहर के रोडवेज बस डिपो पर शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई। जब अस्पताल से लौट रही एक महिला का सोने का मंगलसूत्र बस में चोरी हो गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों की तलाशी के चलते तीखी नोकझोंक हो गई।

करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के कारण रोडवेज बस भी डिपो पर ही खड़ी रही। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो महिलाओं को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया।

इलाज के लिए आई थी महिला

कोतवाली थानाधिकारी श्रवणकुमार नील ने बताया कि धनूरी निवासी एक बुजुर्ग महिला अपनी पुत्रवधू शालू सोनी के साथ इलाज के लिए झुंझुनूं आई थी। उपचार के बाद दोनों सास-बहू गांव लौटने के लिए रोडवेज बस में सवार हुईं। बस में भीड़ अधिक होने के कारण चढ़ते समय धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने शालू सोनी के गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया।

सीट पर बैठने के कुछ ही देर बाद महिला को गले में मंगलसूत्र नहीं होने का पता चला तो उसने तुरंत अपनी सास को इसकी जानकारी दी। दोनों ने बस चालक और परिचालक को घटना से अवगत कराया।

एक युवती और महिला ने जांच का किया विरोध

चालक ने पुलिस को सूचना देने व यात्रियों की जांच करने की सलाह दी। इसके बाद पीड़ित सास-बहू ने अपने स्तर पर संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान बस में सवार एक युवती और एक महिला ने तलाशी का विरोध किया। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि जब अन्य यात्रियों ने जांच करवा ली है तो उक्त दोनों की भी तलाशी ली जानी चाहिए।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस छिड़ गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बस डिपो पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों में कहासुनी चलती रही। इस दौरान रोडवेज का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे बस के संचालन में भी देरी हुई और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।

सूचना मिलने पर कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश कर स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों को डिपो स्थित पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस ने झगड़ा करने के आरोप में युवती और महिला को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।