11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jhalawar: ‘ नगरीय चुनाव नजदीक हैं…इसलिए नाम घसीटा जा रहा है’, BJP के इस पूर्व पार्षद ने किया सुसाइड, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Former BJP Councilor Sanjay Gurjar Suicide Case: झालावाड़ जिले के भवानीमंडी क्षेत्र में भाजपा के पूर्व पार्षद संजय गुर्जर की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। रेलवे स्टेशन के पास उनका शव मिलने के बाद पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या माना है, जबकि परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

3 min read
Google source verification
Former BJP councilor Sanjay Gurjar Suicide (1)

भैसोदामण्डी पुलिस चौकी में मांग को लेकर मृतक पार्षद का शव रखकर धरना देते परिजन (फोटो: पत्रिका)

Rajasthan News: भवानीमंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पास मध्यप्रदेश के भैसोदामंडी सीमा क्षेत्र में सोमवार सुबह भाजपा के पूर्व पार्षद संजय गुर्जर का शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर भवानीमंडी मोर्चरी भिजवाया।

पुलिस ने उसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या माना है। मृतक के परिजनों ने पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर पर उसे प्रताडि़त करने का आरोप लगाया और भैसोदामंडी पुलिस चौकी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। भैसोदामंडी पुलिस चौकी के एएसआई ओ.एस. ठाकुर ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल से सूचना प्राप्त हुई थी कि स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर एक के पास मध्यप्रदेश सीमा क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ है।

मृतक की पहचान भवानीमंडी टगर मोहल्ला निवासी पूर्व पार्षद संजय गुर्जर पुत्र रमेश गुर्जर के रूप में हुई पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

परिजनों ने दिया परिवाद, निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक के भाई अमर गुर्जर ने भैसोदा मंडी चौकी प्रभारी को सौंपे परिवाद में आरोप लगाया कि उनके भाई संजय को नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रामलाल गुर्जर लगातार प्रताडि़त कर रहे थे।

संजय वार्ड नंबर 33 से निवर्तमान पार्षद थे और भाजपा से जुड़े होने के कारण बैठकों के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता और मानसिक प्रताडऩा दी जाती थी। परिवाद में यह भी कहा गया कि मृतक के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिससे वह लगातार दबाव में था। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष से पूछताछ की मांग की है।

शव रखकर दिया धरना

मृतक के परिजन सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे शव को लेकर भैसोदा मंडी पुलिस चौकी पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। चौकी प्रभारी मौके पर मौजूद नहीं होने के कारण परिजन परिसर में ही बैठे रहे। करीब सवा घंटे बाद भानपुरा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की।

उन्हें ऑनलाइन दर्ज मर्ग की प्रति दी गई और बताया गया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व बयानों के आधार पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बयान देने पर सहमति जताई, जिसके बाद करीब ढाई बजे शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

ये बोले रामलाल गुर्जर

'लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। नगरीय चुनाव नजदीक हैं, इसलिए राजनीतिक कारणों से मेरा नाम घसीटा जा रहा है। सबसे पहले सूचना मुझे ही मिली थी और मैंने ही विजय को परिजनों को जानकारी देने के लिए कहा था। संजय को मैंने ही भाजपा से टिकट दिलवाकर चुनाव लड़वाया था।

  • रामलाल गुर्जर, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष भवानीमंडी

‘मृतक के परिजनों को समझाइश कर उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। शव को अंतिम संस्कार के लिए दे दिया गया है। पुलिस विधि अनुसार निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • रमेशचंद दांगी, थाना प्रभारी भानपुरा [मध्यप्रदेश]