हर्षिता। फाइल फोटो- पत्रिका
जालोर। सफाई कर्मचारी की बेटी हर्षिता वाल्मीकि ने जालोर को गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान किया है। जालोर निवासी हर्षिता पुत्री यशपाल वाल्मीकि का एशियन यूथ गेम्स के लिए चयन हुआ है। हर्षिता बेहरीन में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। वे यहां मुएथाई प्रतियोगिता में पंच बरसाएगी।
खास बात यह है कि शानदार प्रदर्शन के चलते इस होनहार खिलाड़ी का आबूधाबी में आयोजित वर्ल्ड मुएथाई चैंपियनशिप के लिए भी चयन हुआ, लेकिन आर्थित तंगी के चलते यह बेटी इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पा रही थी। ऐसे में जब यह बात मुख्य सचेतक (जालोर विधायक) जोगेश्वर गर्ग और जिला कलक्टर प्रदीप के गंवाड़े को पता चली तो जल्द ही डेढ़ लाख रुपए की व्यवस्था की गई, लेकिन तब तक प्रतियोगिता की तारीख निकल चुकी थी।
ऐसे में मायूसी को हर्षिता ने ताकत बनाया और अब उसी के बूते बेहरीन में प्रदर्शन करेंगी। बता दें जिला स्तर पर जीत के बाद हर्षिता ने राज्य स्तर पर गंगानगर और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रोहतक (हरियाणा) में गोल्ड जीता था। हर्षिता के पिता सफाई कर्मचारी हैं और वे बेटी की जीत की कामना कर रहे हैं।
थाईलैंड का यह राष्ट्रीय खेल है। यह मुक्केबाजी, वुशू का कॉम्बिनेशन भी है। जिसमें मुक्के, लात, घुटना और कोहनी का उपयोग प्रतियोगी कर सकता है। हर्षिता की शुरुआत मुक्केबाजी से हुई और वुशू का प्रशिक्षण भी इस खिलाड़ी ने लिया। इन दोनों खेलों का प्रशिक्षण अब इस खिलाड़ी ताकत है।
क्रीड़ा भारती जालोर के तत्वावधान में यह खिलाड़ी पिछले पांच साल से शहीद भगतसिंह स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रही थी। कोच भागीरथ गर्ग ने बताया कि इस खिलाड़ी में बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं और निश्चित तौर पर भविष्य में यह ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकती है। बता दें कि हर्षिता बहरीन के लिए रवाना हो चुकी हैं। इंडियन मुएथाई एसोसिएशन ने हर्षिता को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
गौरतलब है कि मुएथाई गेम के लिए देश से 9 खिलाड़ियों का चयन हुआ था और इसमें चार राजस्थान के बच्चे हैं। खिलाड़ियों में जयपुर से विधि शर्मा, मोहिनी सामरिया, मुदित गुप्ता और जालोर से हर्षिता हैं। इनके अलावा हरियाणा से सूरज, छत्तीसगढ़ से युवराज सिंह, केरल से निशाथ अंजुम, असम से पेरिस और मेघालय से अल्फोंसा जिनिआ भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। 11 सदस्यीय भारतीय मूएथाई दल में 9 खिलाड़ी, एक कोच, एक महिला मैनेजर शामिल है। खिलाड़ियों में 6 बालिका और 3 बालक हैं।
Updated on:
23 Oct 2025 06:15 pm
Published on:
23 Oct 2025 06:10 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग