11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमृत स्टेशन योजना: जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी आधारित हाइटेक सुरक्षा

यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आधुनिक निगरानी व्यवस्था को व्यापक स्तर पर सुदृढ़ किया गया है। अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर 219 सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

2 min read
Google source verification

यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आधुनिक निगरानी व्यवस्था को व्यापक स्तर पर सुदृढ़ किया गया है। अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर 219 सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। यह स्टेशन करीब 140 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। जोधपुर मंडल के आठ प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर कुल 447 सीसीटीवी कैमरे कार्यरत हैं। इन कैमरों से यात्रियों की आवाजाही, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फुट ओवर ब्रिज तथा अन्य संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी की जा रही है। उक्त व्यवस्था से स्टेशनों पर सुरक्षा स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

जैसलमेर स्टेशन पर सर्वाधिक कैमरे

जैसलमेर स्टेशन पर सर्वाधिक 219 कैमरे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त जोधपुर स्टेशन पर 59, पाली मारवाड़ पर 36, राईका बाग पैलेस पर 31, नागौर पर 24, बाड़मेर पर 29, भगत की कोठी पर 32 तथा मुनाबाव स्टेशन पर 17 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों से यात्रियों के साथ-साथ रेलवे संपत्ति की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है। रेलवे प्रशासन के अनुसार उक्त निगरानी प्रणाली का उद्देश्य सुरक्षित और संरक्षित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना, आपराधिक व असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा स्टेशन प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त लाइव फुटेज की निगरानी रेलवे सुरक्षा बल के कंट्रोल रूम से की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की त्वरित पहचान कर तत्काल कार्रवाई संभव हो पाती है। आधुनिक निगरानी व्यवस्था भीड़ प्रबंधन, चोरी, जेबकतरी, अवैध प्रवेश और अन्य सुरक्षा संबंधी घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी साबित हो रही है। इसके साथ ही आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, कानून व्यवस्था बनाए रखने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय में भी सहायता मिल रही है।

और बढ़ेगी संख्या

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य स्टेशनों पर भी सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी और तकनीकी उन्नयन जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।