
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: फोटो पत्रिका
LPG Supply Update Rajasthan : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु तथा सामान्य है। इसकी आपूर्ति को लेकर प्रदेश में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।
सीएम ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर निर्देश दिए कि इसकी पूरी निगरानी रखी जाए। राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाए। उन्होंने नागरिक आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए। ऐसे मामलों के पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला कलक्टर एवं संबंधित अधिकारी निरीक्षण कर निरंतर मॉनिटरिंग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति रखी जाए। राज्य एवं जिला स्तर पर संबंधित विभाग, ऑयल कंपनियां और गैस वितरकों के साथ समन्वय करते हुए गैस सिलेंडरों के स्टॉक और आपूर्ति की लगातार समीक्षा करें।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बताया कि विभागों की राज्य एवं जिला स्तर पर संयुक्त टीमों का गठन किया जा रहा है। इस दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, उद्योग, पर्यटन, गृह, पशुपालन, परिवहन, स्टेट समन्वय ऑयल कंपनीज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और उसके मार्गदर्शन में प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आमजन आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें और किसी भी समस्या के लिए सरकार की विभिन्न हेल्पलाइन नंबर 181, 112 की सहायता लें।
Updated on:
11 Mar 2026 09:29 pm
Published on:
11 Mar 2026 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
