
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो: पत्रिका
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कैलाई गांव के पास देर रात करीब 11 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी लोग कालाखो के रहने वाले थे, जो एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी तरफ चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कार सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 2 गंभीर घायलों में से एक युवक ने दौसा के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक युवक की जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से चल रहे ट्रेलर में घुस गई। ऐसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा इतना जबर्दस्त था कि युवक कार के अंदर बुरी तरह से फंस गए। ऐसे में मृतकों शवों और घायलों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेलर में घुसी कार को क्रेन से अलग किया गया।
कार सवार सभी युवक दौसा जिले के कालाखो गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान समय सिंह पुत्र राम सिंह योगी, लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी योगी, मनीष पुत्र हरिमोहन योगी, अंकित पुत्र लालाराम बैरवा और नवीन के रूप में हुई है।
Updated on:
11 Feb 2026 08:32 am
Published on:
11 Feb 2026 08:16 am
