
जिला कलक्ट्रेट स्थित जनसुविधा केन्द्र।
बूंदी. आधार हर सरकारी और प्राइवेट काम के लिए जरूरी हो चुका है। ऐसे में अब भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार कार्ड से जुड़ी संशोधन सेवाओं के शुल्क में वृद्धि की है। अब आधार कार्ड में नाम, पता, फोटो, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या ई-मेल जैसी जानकारी अपडेट कराने के लिए आमजन को पहले की तुलना में ज्यादा राशि चुकानी होगी। साथ ही घर बैठे आधार सेवा लेने पर भी अतिरिक्त भुगतान करना होगा। नया नियम 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेगा, जिसके चलते अब आधार कार्ड में किसी भी तरह का बदलाव करवाने के लिए पहले की अपेक्षा 10 से 25 रुपए तक का अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा। यानि अब आधार अपडेशन कराना महंगा हो गया है।
अब इनके 75 और 125 रुपए देने होंगे
संशोधित दरों के अनुसार, अब आधार में नाम, पता, लिंग, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या ई-मेल अपडेट कराने के लिए 75 रुपए का शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 50 रुपए था। वहीं, फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस (आंखों की पहचान) अपडेट करवाने की दर 100 रुपए से बढ़ाकर 125 रुपए कर दी गई है।
रंगीन प्रति लेने पर चुकाने होंगे 40 रुपए
यूआईडीएआई ने आधार कार्ड की रंगीन प्रिंट कॉपी के लिए भी नया शुल्क तय किया है। अब आधार की रंगीन प्रति लेने पर 40 रुपए देने होंगे। इससे पहले यह सेवा कई केंद्रों पर नाम मात्र शुल्क पर दी जाती थी। वहीं आधार में पता या अन्य विवरण ऑनलाइन (माई आधार पोर्टल) के जरिए अपडेट करते हैं, तो यह सेवा 14 जून 2026 तक बिल्कुल नि:शुल्क रहेगी। हालांकि, अगर यही अपडेट आप आधार सेवा केंद्र पर करवाते हैं, तो जहां पहले 50 रुपए देने पड़ते थे, अब 75 रुपए चुकाने होंगे।
घर के लिए देना होगा यह शुल्क
अगर कोई व्यक्ति घर बैठे आधार अपडेट सेवा लेना चाहता है, तो अब उसे 700 रुपए (जीएसटी सहित) का भुगतान करना होगा। उसी घर में यदि अन्य सदस्य भी यह सेवा लेना चाहते हैं, तो प्रति व्यक्ति 350 रुपए अतिरिक्त देना होगा। यह शुल्क सामान्य संशोधन दरों से अलग होगा। वहीं नए नियमों के तहत नया आधार कार्ड बनवाना पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इसी प्रकार 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष आयु के बच्चों के लिए एक बार बायोमेट्रिक संशोधन भी नि:शुल्क रहेगा। आधार में बायोमेट्रिक अपडेट यानी फिंगरप्रिंट, आईरिस या फोटो अपडेट कराने पर अब ज्यादातर मामलों में 125 रुपए देने होंगे।
यह रहेगी नई दरें
● नया आधार बनवाना - नि:शुल्क
● अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (5-7 और 15-17 साल) - नि:शुल्क
● बाकी बायोमेट्रिक अपडेट - 125 रुपए
● डेमोग्राफिक अपडेट - 75 रुपए
● डॉक्यूमेंट अपडेट (सेंटर पर) - 75 रुपए
● डॉक्यूमेंट अपडेट (ऑनलाइन) - 75 रुपए
●आधार सर्च और प्रिंट आउट- 40 रुपए
इनका कहना है
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार कार्ड अपडेट करने की दरों में बदलाव किया गया है। अब आधार कार्ड को अपडेट करवाने पर निर्धारित नया शुल्क अदा करना होगा।
अशोक कुमार मीणा, संयुक्त निदेशक, सूचना एवं प्रोद्योगिकी, बूंदी
Published on:
22 Oct 2025 04:07 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग

