मुंबई, May 30, 2026

अमिताभ बच्चन पोस्ट
Amitabh Bachchan tweet Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच इन दिनों अपने चरम पर है, लेकिन इस सीजन में जिस एक नाम ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, वह है राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। वैभव के बल्ले से निकले तूफान ने कई रिकॉर्ड तोड़ें, जिसे देख हर कोई हैरान रह गया। बेहद कम उम्र में लोगों को अपना दीवाना बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी लेकिन अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स को फाइनल तक पहुंचाने में हार गए। फिर भी लोगों में उनका क्रेज कम नहीं हुआ है। सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों में ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन को भी अपना दीवाना बना लिया। शुक्रवार देर रात बिग बी ने एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने इस युवा खिलाड़ी के लिए बेहद अच्छी बातें लिखीं।
अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपे अंदाज में वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की। उन्होंने लिखा, "सूर्यवंशी - 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्या। इस उम्र में तो हम बंटों (कंचे) और गुल्ली-डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे।" महानायक का यह पोस्ट देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया और फैंस इस पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जहां अधिकतर लोग अमिताभ बच्चन की इस बात से पूरी तरह सहमत दिखे, वहीं कुछ यूजर्स ने इस पोस्ट पर मजेदार टिप्पणियां भी कीं।
वैभव सूर्यवंशी के मैदान में प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने आईपीएल 2026 के क्वालिफायर मुकाबलों में विपक्षी टीमों के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी हैं। पहले क्वालिफायर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने महज 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 103 रनों की शतकीय पारी खेली थी।
इसके बाद गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हुए दूसरे बेहद दबाव वाले क्वालिफायर मैच में भी उनका बल्ला नहीं रुका और उन्होंने 47 गेंदों में 96 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया। मैच के दौरान कमेंटेटर्स भी इस बच्चे के शॉट सिलेक्शन और टाइमिंग की तारीफ करते नहीं थक रहे थे। हालांकि, वैभव की यह शानदार पारी भी राजस्थान रॉयल्स को फाइनल में नहीं पहुंचा सकी, क्योंकि शुभमन गिल की आतिशी पारी की बदौलत गुजरात टाइटन्स ने यह मैच जीत लिया और राजस्थान रॉयल्स का सफर यहीं खत्म हो गया।
राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने और अमिताभ बच्चन के ट्वीट पर फैंस काफी भावुक नजर आए। एक यूजर ने लिखा, "सोचा था फाइनल में एक बार फिर इस बच्चे की बैटिंग देखने को मिलेगी, पर दिल टूट गया।" वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "मैं आईपीएल का कोई बड़ा फैन नहीं हूं, लेकिन आज राजस्थान की हार का दुख सिर्फ इसलिए है क्योंकि अब सूर्यवंशी की एक और पारी देखने को नहीं मिलेगी।" एक और यूजर ने लिखा, "सर, गुल्ली-डंडा ही तो क्रिकेट की जननी है। वैभव सूर्यवंशी भविष्य का महानायक है। आज भले ही राजस्थान रॉयल्स हार गई, लेकिन सूर्यवंशी का हुनर जीत गया। इस कामयाबी के पीछे उनके पिता की तपस्या है, उन्हें सलाम होना चाहिए।"
अगर अमिताभ बच्चन के वर्क फ्रंट की बात करें, तो 80 पार की उम्र में भी वे लगातार काम कर रहे हैं। आने वाले समय में वे 'कल्कि 2898 एडी (पार्ट 2)' और कोर्टरूम ड्रामा 'सेक्शन-84' में नजर आने वाले हैं, जो इसी साल रिलीज हो सकती हैं। इसके अलावा, नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण - पार्ट 1' में भी उनका एक खास कनेक्शन होने की चर्चा है। माना जा रहा है कि रणबीर कपूर और सई पल्लवी स्टारर इस फिल्म में अमिताभ बच्चन 'जटायु' के किरदार को अपनी दमदार आवाज देंगे।
Updated on: 30 May 2026 09:41 am


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।