Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अंता उपचुनाव: एफिडेविट में कई खुलासे, 2 साल में प्रमोद जैन भाया की संपत्ति घटी, कर्ज बढ़ा; 2024 में 8 मुकदमे दर्ज

Anta Assembly By-election: अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने नामांकन के साथ दाखिल एफिडेविट में अपनी कुल संपत्ति 56.20 करोड़ रुपये घोषित की है।

2 min read
Pramod Jain Bhaya

फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Anta Assembly By-election: अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने नामांकन के साथ दाखिल एफिडेविट में अपनी कुल संपत्ति 56.20 करोड़ रुपये घोषित की है। यह 2023 के विधानसभा चुनाव में घोषित 56.49 करोड़ रुपये से 29 लाख रुपये कम है। एफिडेविट के अनुसार, 2025 में उनकी चल संपत्ति 17.96 करोड़ और अचल संपत्ति 38.24 करोड़ रुपये है। दो साल में उनकी और उनकी पत्नी उर्मिला जैन भाया की आय में कमी आई, जबकि कर्ज दोगुना हो गया। इसके अलावा, 2024 में उन पर आठ मुकदमे दर्ज हुए।

चल संपत्ति घटी, अचल में इजाफा

प्रमोद जैन भाया के पास 18.17 लाख रुपये नकद और उनकी पत्नी उर्मिला जैन के पास 19.48 लाख रुपये नकद हैं। 2023 में उनकी चल संपत्ति 18.68 करोड़ थी, जो 2025 में घटकर 17.96 करोड़ रह गई। वहीं, अचल संपत्ति 37.80 करोड़ से बढ़कर 38.24 करोड़ रुपये हो गई। भाया दंपति के पास 14.11 करोड़ की कृषि भूमि है, जिसमें प्रमोद के पास 3.25 करोड़ और उर्मिला के पास 10.86 करोड़ रुपये की जमीन है।

इसके अलावा, 3.37 करोड़ रुपये के भूखंड हैं, जिनमें प्रमोद के पास 2.25 करोड़ और उर्मिला के पास 1.12 करोड़ रुपये के भूखंड शामिल हैं। दंपति के पास 10 करोड़ रुपये के वाणिज्यिक परिसर हैं, जिसमें प्रमोद का 3 करोड़ का कॉम्प्लेक्स और उर्मिला के दो परिसर 7 करोड़ रुपये के हैं। आवासीय संपत्ति में प्रमोद के पास जयपुर में 80 लाख का एक फ्लैट (लोन पर) और उर्मिला के पास 9.95 करोड़ रुपये के मकान हैं। कुल मिलाकर, दंपति की आवासीय संपत्ति 10.75 करोड़ रुपये की है।

भाया से पत्नी की संपत्ति ज्यादा

प्रमोद जैन भाया की कुल संपत्ति 13.83 करोड़ रुपये है, जिसमें 4.3 करोड़ की चल और 9.30 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है। वहीं, उर्मिला की कुल संपत्ति 42.36 करोड़ रुपये है, जिसमें 13.43 करोड़ की चल और 28.93 करोड़ की अचल संपत्ति है। 2023 में प्रमोद की संपत्ति 13.71 करोड़ और उर्मिला की 42.77 करोड़ थी, जो मामूली बदलाव दर्शाता है।

भाया की आय में कमी, कर्ज में वृद्धि

बता दें, 2024-25 में प्रमोद जैन भाया की आय 19.55 लाख और 2022-23 में 32.91 लाख थी। उर्मिला की आय 2023-24 में 3.30 करोड़ और 2022-23 में 4.53 करोड़ थी। इस तरह, दोनों की आय में कमी आई। दूसरी ओर, दंपति की देनदारी 2023 के 11.51 करोड़ से बढ़कर 2025 में 22.22 करोड़ रुपये हो गई। इसमें प्रमोद पर 4.84 करोड़ और उर्मिला पर 17.37 करोड़ का कर्ज है। लेनदारी में कमी आई, जो 2023 में 14.45 करोड़ थी, वह 2025 में 12.50 करोड़ रह गई।

वहीं, प्रमोद के पास 9 किलो चांदी (13.50 लाख) और उर्मिला के पास 110 तोला सोना (1.65 करोड़) है, जिसकी कुल कीमत 1.78 करोड़ है। 2023 में यह 73.20 लाख थी। प्रमोद के पास 1.43 लाख की 32 बोर रिवॉल्वर भी है।

वाहनों का बेड़ा, 2024 में 8 मुकदमे

दंपति के पास 75 लाख रुपये से अधिक के वाहन हैं। उर्मिला के पास 45.31 लाख की दो लग्जरी एसयूवी और 57 हजार का स्कूटर है। प्रमोद के पास 2.93 लाख की 1999 मॉडल कार और 1.90 लाख की 1991 मॉडल जीप है। प्रमोद जैन पर 2024 में आठ मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें अधिकांश बारां कोतवाली, दो अंता और एक मांगरोल में हैं। सात मुकदमों में सुप्रीम कोर्ट ने 16 जुलाई 2025 से गिरफ्तारी पर रोक लगाई है, और सभी का अनुसंधान थाना स्तर पर लंबित है।