अनूपपुर, May 17, 2026

devar Killed bhabhi and her Neighbor lover
MP News: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की थाना बिजुरी पुलिस ने अंधे दोहरे हत्याकांड के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात की वजह अवैध संबंध थे और आरोपी मृत महिला का देवर ही निकला है। आरोपी ने बताया है कि भाभी के पड़ोसी के साथ अवैध संबंध थे जो उसे पसंद नहीं था। कई बार समझाने के बाद भी जब दोनों नहीं माने तो उसने दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
15 मई की सुबह लगभग 7 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि भालुगुडार बिजुरी क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाना बिजुरी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच में पता चला कि सुरेन्द्र सोनी 35 वर्ष एवं लल्ली बाई गोंड 48 वर्ष, निवासी भालुगुडार बिजुरी की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की गई है। मौके के निरीक्षण में मृतक सुरेन्द्र सोनी के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जबकि लल्ली बाई के चेहरे पर भी गंभीर चोटें थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआइआर दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सुनील सिंह मार्को उर्फ नानकुनू निवासी अमनचौक भालूमाड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोहरी हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 10-15 दिनों से अपनी भाभी के मायके, वार्ड क्रमांक 7 भालुगुडार में रहकर मजदूरी कर रहा था। आरोपी ने बताया कि उसकी भाभी लल्ली बाई गोंड के पड़ोसी सुरेन्द्र सोनी से प्रेम संबंध थे, जो आरोपी को पसंद नहीं थे। इसी बात को लेकर आरोपी और सुरेन्द्र के बीच पहले भी विवाद हुआ था।
घटना की रात 14 मई को सुरेन्द्र सोनी, लल्ली बाई से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोपी ने दोनों को अकेला देखकर हत्या की योजना बनाई और कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से सुरेन्द्र पर हमला कर दिया। बचने के लिए भाग रहे सुरेन्द्र को पकड़कर आरोपी ने उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद घटना की चश्मदीद साक्षी लल्ली बाई की भी हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने का भी प्रयास किया और पूरे घर से खून के निशान साफ कर घर में गोबर से लिपाई कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी हिंसक प्रवृत्ति का है। पूर्व में उसकी पत्नी की आत्महत्या के मामले में थाना भालूमाड़ा में उसके खिलाफ दहेज मृत्यु का प्रकरण दर्ज हो चुका है, जिसमें वह जिला जेल अनूपपुर में दो वर्ष तक निरुद्ध रहा था। पूरे मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह सहित सउनि कमलेश तिवारी, उदय प्रजापति, प्रदीप अग्निहोत्री, प्रभाकर पटेल, विपिन बिहारी राय तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Published on: 17 May 2026 10:01 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।