अनूपपुर, Apr 26, 2026

CG Elephant: सरगुजा में हाथियों का कहर, घर और स्कूल को किया नुकसान, रातभर मचाया तांडव(photo-patrika)
Elephant Attack: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के भोलगढ़ गांव में एक परिवार पर हाथी ने काल बनकर हमला कर दिया। रविवार दोपहर को परिवार के सदस्य खेत से काम कर लौट रहे थे तभी रास्ते में जंगली हाथी उनके पीछे पड़ गया। परिवार के लोग जान बचाने के लिए भागे लेकिन हाथी ने महिला को कुचल दिया जबकि पति व बेटे को उठाकर पटक दिया। हाथी के हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति व 6 साल का बेटा गंभीर रुप से घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर भोलगढ़ निवासी समयलाल पाव का खेत चटुआ गांव के पास जंगल क्षेत्र में स्थित है। रविवार को परिवार के सदस्य खेत में काम करने के बाद दोपहर करीब 3 बजे जंगल के रास्ते वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पगडंडीनुमा रास्ते में बीते कई दिनों से विचरण कर रहे हाथी ने घर की ओर जा रहे ग्रामीणों को दौड़ाना शुरू कर दिया। हाथी को देखकर के सभी पांच लोग अपनी जान बचाकर के भागने लगे। तभी पीछे लगे हाथी ने 30 वर्षीय महिला प्रेमवती पाव को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं महिला के पति 32 वर्षीय राममनोज पाव और 6 वर्षीय पुत्र दीपक पाव को हाथी ने उठाकर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पहले भोलगढ़ गांव लाया गया, जहां से निजी वाहन से जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा गया। बताया गया कि महिला पर हमला करने के बाद हाथी कुछ समय तक घटनास्थल के आसपास ही मौजूद रहा और ग्रामीणों के शोर मचाने पर जंगल के अंदर दूसरी दिशा में चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। मृतका के शव को सुरक्षित कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वन विभाग ने भोलगढ़, चटुआ, खांड़ा, पौड़ी, मानपुर, बरबसपुर, सोनटोला सहित हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे विशेषकर रात के समय सतर्क रहें, जंगल की ओर जाने से बचें और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। इस मामले को लेकर डीएफओ अनूपपुर डेविड वेंकट राव ने बताया कि वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने के लिए अलर्ट किया था फिर भी वह नहीं माने जिसके कारण यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है और मृतक तथा घायल के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी।
Published on: 26 Apr 2026 07:04 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।