# Patrika Special News

Cockroach Janta Party : क्यों वायरल हुई CJP, किस बात को लेकर देश के युवाओं में बढ़ रही है हताशा?

Cockroach Janta Party Viral: भारत की बड़ी युवा आबादी के बीच बेरोजगारी बढ़ रही है। युवा आबादी जिनके पास रोजगार तो है लेकिन उनमें रोजगार की गुणवत्ता और अवसर को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी का सोशल मीडिया पर रातोंरात छा जाना युवाओं में असंतोष का एक नमूना हो सकता है। युवाओं को अब यह भी डर सताने लगा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) देश के बड़े स्तर पर नौकरियों को प्रभावित कर सकता है, जिससे समस्या और गंभीर हो सकती है। आइए इस परिस्थिति को विस्तार से समझते हैं।

5 min read
सोशल मीडिया पर एक सप्ताह में सीजेपी पार्टी के करोड़ों फॉलोअर्स बन गए। (Photo: Ians and X)

Cockroach Janta Party Viral: भारत में युवाओं की चिंताओं को आवाज़ देने वाला एक पांच दिन पुराना समूह सोशल (CJP) मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। यह समूह राजनीति, महंगाई और बेरोज़गारी जैसे मुद्दों पर हास्य के साथ चर्चा करता है और इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के मामले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी पीछे छोड़ चुका है। आइए समझते हैं कि ऐसा क्या हुआ जो रातोंरात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई सीजेपी।

CJP एक हफ्ते से भी कम समय हो गई बेहद पॉपुलर

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक हफ्ते से भी कम समय में इंस्टाग्राम पर एक रिपोर्ट के अनुसार लगभग 1.8 करोड़ फॉलोअर्स हैं। वहीं एक्स पर 6 लाख से ज्यादा लोगों ने सीजेपी के अकाउंट पर रजिस्टर्ड करा लिया था। सीजेपी के दोनों ही अकाउंट पर भारत में रोक लगा दी गई है।

भारत के शीर्ष नेताओं में नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) एक्स पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता हैं। उनके बाद कई बड़े राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेता आते हैं। उपलब्ध हालिया आंकड़ों के अनुसार सूची कुछ इस प्रकार है। एक्स पर पीएम मोदी के बाद देश के गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह के सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इन दोनों नेताओं के बाद आम आदमी पार्टी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 2.7 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि राहुल गांधी के 2.6 करोड़ से ज्यादा। एक्स पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं। वह भारतीय नेताओं में एक्स पर तीसरे नंबर पर हैं। हालांकि फॉलोअर्स की संख्या कम, ज्यादा होती रहती है।

CJP के सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक

सीजेपी के फॉलअर्स इतनी तेजी से बढ़ रहे थे कि ऐसा लगने लगा कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स के मामले में पीछे छोड़ देगी। हालांकि अब भारत सरकार ने सोशल मीडिया पर बनी सीजेपी पार्टी के अकाउंट पर रोक लगा दिया है।

आलसी और बेरोजगारों की आवाज है सीजेपी

CJP का लोगो एक मोबाइल फोन पर बने कॉकरोच की आकृति है और यह खुद को 'आलसी और बेरोज़गारों की आवाज़' कहती है। सोशल मीडिया पर इस समूह के 30 वर्षीय संस्थापक अभिजीत दिपके ने रॉयटर्स को बताया कि पार्टी का नाम भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की हालिया टिप्पणी से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने कुछ बेरोज़गार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी।

CJI ने अपनी टिप्पणी पर दी थी सफाई

हालांकि बाद में न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य युवाओं की आलोचना करना नहीं था, बल्कि वे नकली और फर्जी डिग्री रखने वालों की बात कर रहे थे, जिन्हें उन्होंने परजीवी जैसा बताया।

'यह सबकुछ भारत में राजनीतिक चर्चा बदलने की मुहिम'

अभिजीत दिपके पिछले दो वर्षों से बोस्टन में रह रहे हैं। उनका कहना है कि यह भारत की राजनीतिक चर्चा को बदलने का आंदोलन है। भारत का युवा मुख्यधारा की राजनीति से लगभग गायब हो चुका है। कोई हमारी बात नहीं कर रहा, कोई हमारी समस्याएं नहीं सुन रहा और न ही हमारे अस्तित्व को स्वीकार करने की कोशिश कर रहा है।

CJP ने पिछले एक सप्ताह में किन मुद्दों पर की बात?

CJP के इंस्टाग्राम अकाउंट पर सदस्य ग्राफिक्स और वीडियो साझा करते हैं, जिनमें मीडिया की स्वतंत्रता से लेकर संसद और मंत्रिमंडल की आधी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है। इस समूह ने हाल ही में राष्ट्रीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा रद्द (NEET 2026) होने के मुद्दे को भी उठाया, जिसका प्रश्नपत्र लीक होने से लगभग 23 लाख छात्र प्रभावित हुए थे।

भारतीय युवा बेरोजगारी और महंगाई से बुरी तरह प्रभावित: सर्वे

Gen Z and Millennial Survey : भारत के युवाओं की बढ़ती चिंता इस सप्ताह प्रकाशित डेलॉइट ग्लोबल सर्वे (Deloitte Global Survey) में भी दिखाई दी। सर्वे के अनुसार, भारत की Gen Z आबादी यानी 1995 से 2007 के बीच जन्मे लोग - बेरोज़गारी और महंगाई से बुरी तरह प्रभावित हुई है। सर्वे में कहा गया,'Gen Z युवाओं में आर्थिक तनाव अधिक देखा गया है। बड़ी संख्या में लोग घर खरीदने में कठिनाई और आर्थिक असुरक्षा की बात कर रहे हैं।'

भारत में है सबसे बड़ी युवा आबादी के बीच बढ़ी बेरोजगारी

भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है और यहां युवाओं की संख्या भी सबसे ज्यादा है। देश की लगभग 1.42 अरब आबादी में से करीब 65 प्रतिशत लोग 35 वर्ष से कम उम्र के हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2025 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वालों में बेरोज़गारी दर 3.1 प्रतिशत थी। लेकिन 15 से 29 वर्ष के युवाओं में यह दर कहीं अधिक, यानी 9.9 प्रतिशत रही। शहरी क्षेत्रों में यह 13.6 प्रतिशत और ग्रामीण इलाकों में 8.3 प्रतिशत थी।

सर्वे में यह भी पाया गया कि भारत के 54 प्रतिशत Gen Z और 44 प्रतिशत मिलेनियल्स यानी 1983 से 1994 के बीच जन्मे लोग आर्थिक चिंताओं के कारण घर खरीदने जैसे बड़े फैसले टाल रहे हैं। भारत में किए गए इस सर्वे में 806 लोगों को शामिल किया गया था, जबकि वैश्विक स्तर पर 14,000 से अधिक लोगों से राय ली गई।

'अगर सरकारों ने काम नहीं किया तो युवा तो...'

तिलकामांझी विश्वविद्यालय भागलपुर में हिंदी के पूर्व प्राध्यापक और राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. योगेन्द्र ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी आगे धरती पर आंदोलन करे या न करे। उसके पीछे संभव है कि कोई साज़िश हो और युवाओं के असंतोष से फ़ायदा उठाना चाहता हो। लेकिन इतना तो तय है कि जिस तरह से केंद्र और राज्यों में सरकारें चलाई जा रही हैं, उससे युवा और जनता खुश नहीं है। अगर देश के संसाधनों को इसी तरह उद्योगपतियों के हाथों औने-पौने दाम में सौंपा जाता रहा। अगर सरकारों ने युवाओं, किसानों और मज़दूरों- भूमिहीनों के लिए काम नहीं किया तो युवा पीढ़ी एक दिन राजनेताओं की ऐसी दुर्गति करेंगे कि कोई रक्षा करने नहीं आएगा।

सीजेपी ने नेपाल और बांग्लादेश जैसे आंदोलनों की धमकी दी

दिपके ने पड़ोसी देशों बांग्लादेश और ​नेपाल में हुए Gen Z नेतृत्व वाले आंदोलनों से तुलना करने के खिलाफ चेतावनी दी, जहां युवाओं के विरोध प्रदर्शनों ने सरकारों को सत्ता से बाहर कर दिया था। उन्होंने यह बताने से भी इनकार कर दिया कि क्या भविष्य में कोई Gen Z राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना है।

'हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे'

उन्होंने कहा, 'इसमें एक बड़े राजनीतिक आंदोलन में बदलने की क्षमता है। यह भारत की राजनीति को बदल सकता है।' उन्होंने यह भी कहा,'हम जो भी करेंगे, संविधान के दायरे में रहकर और पूरी तरह लोकतांत्रिक तथा शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे। यह नेपाल या बांग्लादेश जैसा नहीं होगा।” दिपके ने बताया कि गूगल फॉर्म के जरिए 4 लाख से अधिक लोगों ने CJP की सदस्यता के लिए आवेदन किया है, जिनमें 70 प्रतिशत से अधिक की उम्र 19 से 25 वर्ष के बीच है।

Also Read
View All
Cruise Tourism : समुद्र की लहरों पर छुट्टियां बिताने का नया क्रेज! बदल रही लोगों की पसंद, भारत में भी तेजी से बढ़ रहा क्रूज टूरिज्म

Pituitary Gland Tumor: मास्टर ग्लैंड में ‘ट्यूमर’ क्यों बन जाता है, क्या होते हैं इनके साइलेंट लक्षण? डॉक्टर से समझें इसका समाधान

टसर रेशम से चमकी नारायणपुर की तकदीर, ग्रामीणों को मिला रोजगार का नया रास्ता

NASA Voyager Mission: ब्रह्मांड में दशकों से तैर रही है एक भारतीय महिला की सुरीली आवाज? वॉयजर 1 के बारे में जानिए दिलचस्प बातें

Celiac Disease : रोटी से दुश्मनी! डॉक्टर से जानिए क्या है सीलिएक रोग, उसके लक्षण और ग्लूटेन-फ्री लाइफस्टाइल जीने का आसान तरीका