भारत, Apr 28, 2026

Terrorists open fire in Nigeria
आतंकवाद (Terrorism) दुनियाभर में एक गंभीर समस्या है और पिछले एक दशक में दुनिया के कई देशों में तेज़ी से बढ़ा है। अफ्रीकी देश भी इससे अछूते नहीं रहे हैं और वहाँ अक्सर ही आतंकी हमलों के मामले देखने को मिलते हैं। ऐसा ही एक आतंकी हमला (Terrorist Attack) अब नाइजीरिया (Nigeria) में देखने को मिला है। नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी राज्य अदामावा (Adamawa) में रविवार को आतंकियों ने भीषण हमला कर दिया। हमला गोंबी (Gombi) लोकल गवर्नमेंट एरिया के गयाकू और तेलाबाला समुदायों पर हुआ। जानकारी के अनुसार आतंकी शाम करीब 5 बजे कम्युनिटी प्राइमरी स्कूल के फुटबॉल मैदान पर मैच के दौरान अचानक घुस गए और ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से चीखपुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
नाइजीरिया में हुए इस आतंकी हमले में 29 लोगों की मौत हो गई। कई लोगों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। राज्यपाल अहमदू उमरू फिंटिरी (Ahmadu Umaru Fintiri) ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और इस घटना को दुःखद तथा अस्वीकार्य बताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस आतंकी हमले में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमले के समय आतंकियों की पहचान उजागर नहीं हुई, लेकिन बाद में इस्लामिक स्टेट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली। गौरतलब है कि नाइजीरिया का अदामावा राज्य पिछले कई वर्षों से बोको हराम और इस्लामिक स्टेट के हमलों से प्रभावित रहा है। अक्सर ही इस इलाके में आतंकी गांवों पर हमला करते हैं, लोगों को मारते हैं और लूटपाट करते हैं।
संबंधित विषय:
Updated on: 28 Apr 2026 07:07 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।