15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

करौली

करौली उपद्रव के आरोपी पर साढ़े 3 साल बाद शिकंजा, पूर्व सभापति के सट्टा किंग बेटे के अवैध भवन पर दो दिन से चल रहा पीला पंजा

करौली. जिला मुख्यालय पर अम्बेडकर सर्किल के समीप नियम विरुद्ध तरीके से निर्मित तीन मंजिला भवन निर्माण को ध्वस्त करने की दूसरे दिन बुधवार को भी कार्रवाई जारी रही।बुधवार को सुबह करीब 9 बजे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में नगरपरिषद की ओर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने की कार्रवाई शुरू हुई, जो देर शाम […]

Google source verification

करौली. जिला मुख्यालय पर अम्बेडकर सर्किल के समीप नियम विरुद्ध तरीके से निर्मित तीन मंजिला भवन निर्माण को ध्वस्त करने की दूसरे दिन बुधवार को भी कार्रवाई जारी रही।
बुधवार को सुबह करीब 9 बजे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में नगरपरिषद की ओर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने की कार्रवाई शुरू हुई, जो देर शाम करीब सात बजे तक जारी रही। हालांकि दूसरे दिन भी अवैध निर्माण पूरी तरह ध्वस्त नहीं किया जा सका, ऐसे में अब गुरुवार को भी कार्रवाई की जाएगी। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और जिला मुख्यालय पर 2 अप्रेल 2022 में नवसंवत्सर के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा-बाइक रैली के दौरान पथराव के बाद उपद्रव-दंगा के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे आरोपी अमीनुद्दीन खान के इस भवन को नियम विरुद्व अवैध रूप से निर्मित माना गया, जिसे लेकर पुलिस-प्रशासन के निर्देशन में नगरपरिषद की ओर से यह कार्रवाई की जा रही है। तीन मंजिला इस भवन के आगे और पीछे के हिस्से को ध्वस्त किया है। भवन में करीब पांच दुकानों का भी निर्माण कराया था। आरोप है कि निर्माण के दौरान शिव मंदिर और मंदिर के रास्ते पर भी निर्माण कर दिया गया। गौरतलब है कि पिछले दिनों अम्बेडकर सर्किल के समीप स्थित इस भवन को नगरपरिषद ने सीज किया था। वहीं पिछले कई दिनों से सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पाठक सहित अन्य लोग अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की मांग उठा रहे थे। पुलिस-प्रशासन की ओर से पूरी जांच पड़ताल कराने के बाद नगरपरिषद ने गत दिनों भवन के जारी पट्टों और निर्माण स्वीकृति को निरस्त कर दिया था। उसके बाद मंगलवार से अमीनुद्दीन खान के इस अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिडवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम, उपजिला कलक्टर व नगरपरिषद के कार्यवाहक आयुक्त प्रेमराज मीना, पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम सहित विभिन्न थानाधिकारी, पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कार्रवाई के मद्देनजर शहर में कानून एवं शांति-सुरक्षा के मुद्देनजर दूसरे दिन भी बाजारों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया। साथ ही अम्बेडकर सर्किल स्थित भवन के आसपास भी भारी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। भवन के आसपास के घरों की छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहे।

अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए दो जेसीबी, दो अर्थमूवर मशीनों को उपयोग में लिया जा रहा है, लेकिन मशीनों के तीसरी मंजिल की छत तक नहीं पहुंचने के कारण हैमर मशीनों से छत को तोडऩे की कार्रवाई की गई। इसके बाद दोपहर में मिट्टी मंगाई गई। इस मिट्टी पर अर्थमूवर को चढ़ाया गया, इसके बाद अर्थमूवर के जरिए तीसरी मंजिल के हिस्से को तोडऩे की कार्रवाई शुरू हुई।

मार्ग रहा डायवर्ट, बंद रही दुकानें
कार्रवाई के मद्देनजर दूसरे दिन भी मण्डरायल मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों का मार्ग डायवर्ट किया गया। पुरानी ट्रक यूनियन सर्किल से अम्बेडकर सर्किल, अम्बेडकर सर्किल से शिकारगंज, सर्किल से गणेश गेट के मार्गों पर आवाजाही रोक दी गई। दूसरी ओर कार्रवाई स्थल के समीप स्थित एक स्कूल दूसरे दिन भी बंद रहा।
अधिकारी बोले…
अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन भी की गई। अतिक्रमण और अवैध निर्माण को चिन्हित कर उसे हटाने की कार्रवाई जारी है।
प्रेमराज मीना, एसडीएम व कार्यवाहक आयुक्त, करौली