दौसा. श्री श्याम मंदिर चरणधाम दौसा के 24वें पाट महोत्सव पर आयोजित भागवत कथा में धूमधाम से नन्दोत्सव मनाया गया। इस दौरान श्रीकृष्ण की बाल रूप की सजीव झांकी सजाई गई। जो आकर्षण का केन्द्र रही। महिलाओं ने बधाई गीत गाए तो श्रद्धालुओं ने पुष्प बरसाए। उपहार भेंट किए गए तो टॉफियां व मिठाई वितरित की गई। कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी व जयकारों से दौसा देवनगरी गूंज उठी। कथा अचलकृष्ण शास्त्री ने कहा कि धर्म की जड़ सदा हरी होती है। मनुष्य को दुख में नहीं सुख में भी हरिस्मरण करना चाहिए। कथा श्रवण से मोक्ष की प्राप्ति संभव है। संयोजक राजेश ठाकुरिया ने बताया कि आठ फरवरी को 108 आसनों पर संगीतमय रामचरित मानस अखंड पाठ का आयोजन होगा। कथा के अंतिम दिन नौ फरवरी को त्रिवेणीधाम के संत रिछपालदास महाराज के आशीर्वचन होंगे। जिसके स्वागताध्यक्ष विजयकुमार, संजय मित्तल होंगे। इसी दिन दोपहर दो बजे बाद पंगत प्रसादी वितरण का आयोजन होगा। कथा के दौरान प्रतिदिन बाबा श्याम की आकर्षक झांकी सजाई जा रही है।