भारत और जापान के बीच अंतरिक्ष सहयोग को लेकर एक बड़ा ऐलान हुआ है। टोक्यो यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि अब भारत और जापान मिलकर चंद्रयान-5 मिशन पर काम करेंगे। यह मिशन दोनों देशों के बीच रणनीतिक और वैज्ञानिक साझेदारी को एक नई ऊंचाई देगा। भारत और जापान पहले से ही मजबूत दोस्ती और साझेदारी के रिश्ते में हैं। अब यह सहयोग अंतरिक्ष जैसे हाई-टेक क्षेत्र में भी बढ़ता दिख रहा है। इस बैठक में दोनों देशों ने संसदीय संपर्क, मानव संसाधन विकास और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा की। इसके अलावा, स्वास्थ्य, मोबिलिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइंस-टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
दरअसल चंद्रयान-5 भारत का अगला चंद्र मिशन होगा, जो चंद्रयान-4 के बाद लॉन्च किया जाएगा। इस मिशन में भारत एक लैंडर और जापान एक रोवर बनाएगा। खास बात ये है कि यह रोवर अब तक का सबसे भारी चंद्र रोवर होगा। इसे जापान से लॉन्च किया जाएगा। इससे पहले भारत चंद्रयान-4 मिशन पर भी काम कर रहा है, जिसका लक्ष्य चांद से मिट्टी और पत्थरों के नमूने पृथ्वी पर लाना है। चंद्रयान-5 के ज़रिए चंद्रमा की सतह और वातावरण को और बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। इस संयुक्त मिशन में जापान की अत्याधुनिक तकनीक और भारत का अनुभव मिलकर अंतरिक्ष अनुसंधान को नई दिशा देंगे। ये सहयोग शांति और विज्ञान के उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। भारत और जापान का यह मिशन सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि रणनीतिक सहयोग का भी प्रतीक है। दोनों देश मानते हैं कि अंतरिक्ष विज्ञान सिर्फ खोज का जरिया नहीं, बल्कि वैश्विक स्थिरता और नवाचार के लिए भी अहम है।
बता दें कि इसरो पहले ही चंद्रयान-6, 7 और 8 की योजनाओं पर काम शुरू कर चुका है। 2023 में भारत ने इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग की थी। विक्रम लैंडर ने शिवशक्ति प्वाइंट पर उतरकर, प्रज्ञान रोवर के साथ 14 दिनों तक काम किया और चंद्रमा पर कई अहम खोजें कीं। अब भारत अपने खुद के अंतरिक्ष स्टेशन पर भी काम कर रहा है, जिसका पहला मॉड्यूल 2028 तक लॉन्च किया जा सकता है। साथ ही, गगनयान मिशन के तहत भारत जल्द ही अपने अंतरिक्ष यात्रियों को भी स्पेस में भेजने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा जब भारत और जापान का यह साझा चंद्र मिशन विज्ञान, तकनीक और दोस्ती का एक नया अध्याय लिखेगा।