अजमेर. जश्न- ए -आजादी का पर्व शुक्रवार को तिरंगा शान से लहराया। सरकारी और निजी कार्यालयों, स्कूल, कॉलेज, महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी सहित बोर्ड, निगम सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम हुए। स्वाधीनता दिवस पर तिरंगा फहराया गया
जिला स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह पुलिस लाइंस मैदान में हुआ। जल संसाधन मंत्री सुरेशसिंह रावत ने सुबह 9.05 बजे समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर मार्चपास्ट, लोकनृत्य, राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े का सन्देश पठन, स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान, पारितोषिक वितरण, सामूहिक नृत्य, व्यायाम एवं राष्ट्रगान हुआ।
देश में हुआ चहुंमुखी विकास
जल संसाधन मंत्री रावत ने कहा कि क्रांतिकारियों, वीरों के बलिदान और ख्याति प्राप्त मार्गदर्शकों के बूते हमें आजादी मिली है। बीते 78 साल में देश का चहुंमुखी विकास हुआ है। हमने अंतरिक्ष, तकनीकी और विज्ञान, कृषि, उद्योग-व्यापार, पर्यटन, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता-कौशल और अन्य क्षेत्राें में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश की रक्षा करना और विकास में योगदान देना हम सबका नैतिक दायित्व है। केंद्र और राज्य सरकार जन भावना के अनुरूप कामकाज कर रही है। हमें देश को मजबूत बनाने के लिए सदैव एकजुट रहना चाहिए।
राजस्थान लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू, संभागीय आयुक्त कार्यालय में संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, कलक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर लोकबंधु, आईजी कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, जिला परिषद कार्यालय में जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा ने ध्वज फहराया।क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान में प्राचार्य प्रो. सुचेता प्रकाश, महिला इंजीनियरिंग कॉलेज में प्राचार्य डॉ. प्रकृति त्रिवेदी, बड़ल्या इंजीनियरिंग कॉलेज में प्राचार्य डॉ. रेखा मेहरा, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने ध्वज फहराया। इसी तरह सीबीएसई रीजनल ऑफिस, राजस्व मंडल और अजमेर विकास प्राधिकरण कार्यालय पर भी ध्वजारोहण किया गया। शहर में कई निजी, सरकारी कार्यालयों, संस्थाओं पर ध्वजारोहण किया गया।
मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पहले जिला पुलिस अलर्ट पर रही। विभिन्न होटल, सराय में तलाशी अभियान चलाया। वहीं अजमेर जिले व शहर में आने वाले मुख्य मार्गों पर विशेष गश्त व निगरानी व्यवस्था लागू की गई। पुलिस लाइंस मैदान सुरक्षा घेरे में रहा। शहर में थाना पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। वहीं केकड़ी, किशनगढ़ और नसीराबाद में भी पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया।
कई जगह हुआ ध्वजारोहण
महर्षि दयानंद सरस्वती विवि में सुबह 8 बजे कुलगुरू प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। अजमेर डिस्कॉम के निदेशक के.पी. वर्मा पंचशील स्थित मुख्यालय पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उत्कृष्ट कामकाज करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी तरह राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय पर प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़, सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार बहरवाल, राजकीय कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. मंजुश्री गुप्ता, दयानंद कॉलेज में प्राचार्य डॉ. लक्ष्मीकांत ने ध्वजारोहण किया।