
घर के मुखिया की मौत होने से परिवार पर भरण पोषण का संकट (फोटो- पत्रिका)
गोगुंदा (उदयपुर): सायरा थाना क्षेत्र के बरवाड़ा हाइवे-162 ई पर सादड़ा गांव में गुरुवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक चालक की मौत के बाद इंश्योरेंस क्लेम और सरकारी योजनाओं का परिजनों को लाभ दिलाने के आश्वासन के बाद परिजन मान गए। गुरुवार रात मृतक अंबालाल के शव का गोगुंदा मोर्चरी में परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कर दिया गया।
उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने परिजनों को सरकारी सभी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। इधर, परिजन शव शुक्रवार सुबह गांव ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने माहौल खराब किया। उच्चाधिकारियों के सामने मृतक के परिजनों ने यह भी कहा कि वे शांति से वार्ता कर रहे थे। तभी कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया, जिससे माहौल बिगड़ गया और पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मियों के चोट आई।
वहीं, पुलिस के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। युवक की मौत के बाद गांव में शोक व्याप्त हो गया। बताया गया कि मृतक अंबालाल का बड़ा पुत्र कैलाश 16 साल का है और छोटी पुत्री वनिता 12 साल की है, जो स्कूल जाती है। कमाने वाला युवक दुनिया से चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की पत्नी भी मजदूरी करती है। ऐसी विषम परिस्थिति में परिवार का गुजर बसर करना बहुत भारी पड़ गया। इधर, दुर्घटना में अंबालाल की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल की मोर्चरी में मृतक के पिता खेमाराम विलाप करते रहे। इस दौरान वहां मौजूद एसडीएम उन्हें सांत्वना देते रहे।
गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर कुंभलगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से समझाइश की जा रही थी, तब ही ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव में एक महिला कांस्टेबल सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और हवाई फायर कर भीड़ को खदेड़ा।
मौके पर पहुंची सायरा, गोगुंदा, केलवाड़ा थानों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत ने बताया कि हादसे में कटार ग्राम पंचायत के जागड़ों की भागल निवासी अंबालाल (28) पुत्र खेमाराम गमेती की मौत हो गई। वह कटार से मजूदरी के लिए उदयपुर पहुंच रहा था। तब ही पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी।
कार ने युवक को 20 फीट तक घसीट दिया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सायरा थाने के एएसआई शंभू सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को गोगुंता पहुंचाया।
पुलिस उप अधीक्षक (गिर्वा) सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि इस घटना के बाद उपद्रव फैलाने वाले 28 लोगों को डिटेन कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया तो मुझे भी चोट लगी। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह को भी मामूली चोट लगी है। कुल सात पुलिसकर्मी घायल हुए।
Published on:
24 Oct 2025 02:04 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग

