4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Udaipur: एक दिन रहेगा पूर्ण शटडाउन, पूरे दिन बंद रहेगा रेलवे स्टेशन, ट्रेनों के संचालन को मिलेगी रफ्तार, होगा ट्रैक विस्तार

Udaipur Railway Division Update: उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रैक नंबर 9 और 10 को उमरड़ा साइड से जोड़ने का कार्य अंतिम चरण में है, जिससे स्टेशन की परिचालन क्षमता में बढ़ोतरी होगी। आगामी 15 से 20 फरवरी के बीच इस कार्य के लिए शटडाउन लिया जा सकता है।

2 min read
Google source verification
Railway Track

फोटो: पत्रिका

Indian Railway Update: रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। आने वाले दिनों में स्टेशन के ट्रैक नंबर 9 और 10 को उमरड़ा साइड से जोड़ा जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होते ही स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और आवागमन में उल्लेखनीय सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से इसका काम अंतिम चरण में तेजी से किया जा रहा है। इसी माह 15 से 20 फरवरी के बीच ब्लॉक लिया जा सकता है।

सिटी रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 5 प्लेटफाॅर्म और 11 ट्रैक हैं, जिनमें से दो ट्रैक पिटलाइन के रूप में उपयोग में हैं, एक अधूरा है। शेष 8 ट्रैक में से फिलहाल 6 ट्रैक दोनों ओर से मुख्य लाइन से जुड़े हुए हैं और इन पर ट्रेनों का आवागमन हो रहा है। प्लेटफाॅर्म नंबर 9 अभी केवल राणा प्रतापनगर साइड से जुड़ा हुआ है, जबकि प्लेटफार्म नंबर 10 किसी भी ओर से कनेक्ट नहीं है। अब दोनों प्लेटफार्म को उमरड़ा लाइन से जोड़ने की तैयारी है। इससे नौ नंबर ट्रैक पर दोनों ओर से ट्रेन आकर खड़ी हो सकेगी और निकल सकेगी। वहीं ट्रैक नंबर 10 पर एक उमरड़ा की ओर ट्रेन आकर खड़ी हो सकेगी। जिससे स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी।

एक दिन रहेगा पूर्ण शटडाउन, राणा प्रतापनगर से चलेंगी ट्रेनें

रेलवे सूत्रों के अनुसार, जब प्लेटफार्म 9 और 10 को मुख्य ट्रैक से जोड़ने का कार्य किया जाएगा, उस दिन सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान स्टेशन की सभी ट्रेनों का संचालन राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा।

इलेक्ट्रिक ट्रिप शेड का निर्माण भी अंतिम चरण में

सिटी स्टेशन पर सविना की ओर, रेलवे क्वार्टर्स के पास इलेक्ट्रिक ट्रिप शेड का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। यहां इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की सुविधा विकसित की जाएगी। इस शेड से भी ट्रैक निकालकर प्लेटफार्म के ट्रैकों से जोड़ा जाएगा। फिलहाल पटरियों के नीचे गर्डर डालने का कार्य जारी है।

11 नंबर ट्रैक को भी किया जाएगा पूरा

सिटी रेलवे स्टेशन का 11 नंबर ट्रैक अभी अधूरा है। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए इसे भी पूर्ण रूप से विकसित किया जाएगा। इसके बाद स्टेशन से कुल 9 ट्रैकों के माध्यम से ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा, जिससे उदयपुर की रेल कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।