13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के इस जिले में घरेलूू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में नहीं आएगी कोई दिक्कत, प्रशासन कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग पर रखेगा नजर

घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग, रीफिलिंग या कालाबाजारी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों दी जा सकती है इसके लिए हेल्पलाइन के अलावा कंट्रोल रूम बनाया गया है।

2 min read
Google source verification

चूरू. ईरान-अमरीका युद्ध से बन रहे हालातों से निपटने के लिए जहां केंद्र और राज्य सरकार ने सजगता बरतते हुए घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों (Domestic LPG gas cylinder) को लेकर प्रदेश के जिलों के लिए दिशा निर्देश जारी किए है वहीं गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने अंचलवासियों को आश्वस्त किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति सुचारू रहेगी।

सुराणा ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस डीलर्स के माध्यम से घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है। उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं हो इसके प्रति प्रशासन सतर्क है जिसके क्रम में जिले में चिकित्सीय, शैक्षणिक व राजकीय संस्थानों में निर्बाध रूप से गैस सिलेंडर मिले यह सुनिश्चित कर दिया गया है।

जिले में 5 लाख से अधिक उपभोक्ता
सुराणा ने बताया कि जिले में करीब 5 लाख 14 हजार 654 एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें 5 लाख 13 हजार 951 घरेलू उपभोक्ता तथा 1063 वाणिज्यिक उपभोक्ता हैं। जिले में 23 इंडियन ऑयल, 12 भारत पेट्रोलियम तथा 8 हिंदुस्तान पेट्रोलियम सहित कुल 43 एजेंसियां संचालित हैं। घरेलू गैस सिलेंडर का वर्तमान मूल्य 929.50 रुपए है। इसी क्रम में जिले में 04 सीएनजी स्टेशन संचालित हैं और उनकी दैनिक खपत 6 हजार किलोग्राम है। वर्तमान में कंपनियों के पास 26 हजार 456 किलोग्राम गैस स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए सीएनजी की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य और पर्याप्त है। जिले में ऑयल कंपनियों ने जिला नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है। एलपीजी वाहनों के सुगम परिवहन के लिए पुलिस व प्रशासन के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर स्थापित किए गए हैं।

25 दिन के भीतर बुकिंग
कलक्टर ने बताया कि उपभोक्ताओं को आवश्यकतानुसार निर्धारित समयावधि (25 दिन) के भीतर गैस सिलेंडर की बुकिंग की जा रही है। जिले में गैस के पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रवर्तन निरीक्षक, पुलिस थानाधिकारी व तहसीलदार की संयुक्त टीमें गठित की गई है जो नियमित निरीक्षण करेंगे।

सीधे घरों में होगी आपूर्ति
कंपनियों की ओर से घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति 25 दिवस के अंतराल पर उपभोक्ता के घरों पर ही किया जाएगा। साथ ही आपूर्ति आधार जनित ओटीपी तथा डिजिटल बुकिंग एंड डिलीवरी अधिकृत कोड से की जा रही है।

अफवाहों से रहे सावधान
जिला कलक्टर ने जिले वासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों के आधार पर घबराने की आवश्यकता नहीं है। आमजन भी पैनिक बुकिंग नहीं करें तथा अनावश्यक भंडारण नहीं करें। गैस के उपयोग में मितव्ययता बरतें तथा सोलर कुकर, इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा आदि वैकल्पिक ईंधन साधनों का भी उपयोग किया जा सकता है।

बनाया कंट्रोल रूम
घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग, रीफिलिंग या कालाबाजारी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों दी जा सकती है इसके लिए हेल्पलाइन के अलावा कंट्रोल रूम बनाया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि की सूचना मिले तो तुरंत उपभोक्ता मामलात विभाग की हेल्पलाइन नंबर 14435, संपर्क हेल्पलाइन नंबर 181, पुलिस हेल्पलाइन 112 अथवा जिला कंट्रोल रूम नंबर 01562-250927 पर संपर्क कर सूचना दें। इस दौरान एडीएम अर्पिता सोनी, जिला रस अधिकारी अंशु तिवाड़ी आदि मौजूद रहे।