सीतापुर, Apr 23, 2026

कशिश वर्मा और शिखा वर्मा ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में किया टॉप, PC- Patrika
UP Board Result 2026 : उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद में सीतापुर से ही 10वीं और 12वीं की छात्राओं ने प्रदेश भर में टॉप किया है। कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत के साथ हाईस्कूल में टॉप किया है। शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं में प्रदेश भर में टॉप किया है।
कशिश वर्मा और शिखा वर्मा दोनों एक ही स्कूल की छात्रा हैं। दोनों बाबूराम साबित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर, बिलौली बाजार की छात्रा हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के 2026 के नतीजों ने इस बार पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। इस बार नतीजों में सीतापुर के एक स्कूल ने 'डबल धमाका' किया है। सीतापुर स्थित 'बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, शेखपुर बिलौली' ने वह कीर्तिमान स्थापित किया है, जो यूपी बोर्ड के इतिहास में विरले ही देखने को मिलता है। इस स्कूल ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) दोनों ही कक्षाओं में प्रदेश को प्रथम स्थान (State Topper) देकर इतिहास रच दिया है।
इंटरमीडिएट (12वीं) में शिखा वर्मा ने 97.60% अंक पाकर पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, इसी स्कूल की कशिश वर्मा ने हाईस्कूल (10वीं) में 97.83% अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट लिस्ट में प्रथम स्थान (साझा) हासिल कर सबको हैरान कर दिया है। जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, स्कूल परिसर में जश्न का माहौल छा गया और पूरे जिले में इन दो बेटियों की कामयाबी के चर्चे शुरू हो गए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने गुरुवार शाम 4 बजे इंटरमीडिएट (12वीं) का परीक्षा परिणाम जारी कर छात्रों का इंतजार खत्म कर दिया है। इस वर्ष के नतीजों में कुल 80.38% विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। बोर्ड ने इस बार परीक्षा समाप्त होने के मात्र 42वें दिन परिणाम जारी कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जबकि पिछले वर्ष 2025 में परिणाम आने में 44 दिन का समय लगा था। हालांकि, पिछले साल के 90.11% के मुकाबले इस वर्ष उत्तीर्ण प्रतिशत में करीब 10% की गिरावट दर्ज की गई है, जो मूल्यांकन की शुचिता और कड़ाई की ओर इशारा करती है।
इस वर्ष की मेरिट लिस्ट में प्रदेश के विभिन्न जिलों के मेधावियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। टॉप-10 की सूची में कुल 23 छात्रों ने अपना स्थान पक्का किया है, जिसमें बरेली जिला 5 टॉपर्स के साथ प्रदेश में सबसे आगे रहा है। इसके अलावा सीतापुर और बाराबंकी से 4-4 छात्रों ने मेरिट में जगह बनाई, जबकि चित्रकूट और हरदोई से 2-2 विद्यार्थी सफल रहे। वहीं बागपत, मुरादाबाद, कानपुर नगर, कन्नौज, बांदा और प्रतापगढ़ जिलों से भी एक-एक छात्र ने टॉप-10 में शामिल होकर जिले का मान बढ़ाया है। इन मेधावियों ने 500 में से 488 से लेकर 477 के बीच अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
परीक्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 24 लाख 79 हजार 352 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच प्रदेश के 75 जिलों में कुल 8033 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षाएं आयोजित की गईं। इस दौरान करीब 1.26 लाख छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी, जिसके बाद कुल 23.54 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए पूरे प्रदेश में 254 केंद्र बनाए गए थे, जहां 55,976 शिक्षकों ने दिन-रात मेहनत कर लगभग 1 करोड़ 23 लाख कॉपियों की जांच 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच पूरी की।
Updated on: 23 Apr 2026 08:28 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।