
हत्या की वारदात के बाद जांच करती पुलिस, एआई की मदद से फोटो
Crime News: राजस्थान के सिरोही जिले के अनादरा थाना क्षेत्र से दोस्ती के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। असावा गांव में दो बुजुर्ग सहेलियों के बीच बरसों पुराना साथ महज एक विवाद के चलते खूनी रंजिश में बदल गया। 65 वर्षीय मधु ने अपनी ही हम उम्र सहेली कांता देवी की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को 'लूट' का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिनों पहले मधु और कांता देवी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। बात इतनी बढ़ गई कि कांता देवी ने मधु के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। यह बात मधु को इतनी चुभी कि उसने अपनी बरसों पुरानी सहेली को रास्ते से हटाने का खौफनाक मनसूबा बना लिया।
7 जनवरी की रात आरोपी मधु बेहद शातिराना अंदाज में कांता देवी के घर पहुंची। पहले उसने कांता की तबीयत का हाल जाना, फिर दोनों ने साथ बैठकर चाय पी। कांता देवी को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वह दोस्त समझकर साथ बिठा रही है, वही उसकी मौत का पैगाम लेकर आई है। जैसे ही कांता देवी असावधान हुई, मधु ने उन पर हमला कर दिया।
बीमार होने के बावजूद कांता देवी ने अपनी जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया। इस दौरान कांता के नाखूनों की खरोंच मधु के नाक और पैरों पर आ गई। यही खरोंच बाद में पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। मधु ने कांता का गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं।
हत्या के बाद आरोपी मधु घबरा गई। वारदात को छिपाने के लिए उसने मृतका के शरीर से जेवर उतारे और घर का सामान बिखेर दिया ताकि पुलिस इसे लूट के इरादे से की गई हत्या समझे। हालांकि, जिला पुलिस कप्तान डॉ. प्यारेलाल के नेतृत्व में जब साइबर, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीमों ने तफ्तीश शुरू की, तो मधु की घबराहट और शरीर पर खरोंच के निशानों ने शक पैदा कर दिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
Published on:
14 Jan 2026 12:10 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
