Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पथराव के विरोध में बंद कराया बाजार स्थिति बिगड़ी तो पुलिस ने खदेड़ा

पथराव के विरोध में बंद कराया बाजार स्थिति बिगड़ी तो पुलिस ने खदेड़ा

2 min read

दुर्गा विसर्जन के वक्त चल समारोह में पथराव का मामला
शहडोल. केशवाही में शुक्रवार की रात दुर्गा विसर्जन के दौरान चल समारोह में पथराव हो गया। इस दौरान पत्थर लगने से तीन महिलाएं चोटिल हुई हैं। घटना का विरोध करते हुए स्थानीय लोग शनिवार की सुबह बाजार बंद कर केशवाही पुलिस चौकी पहुंचे। इसी दौरान विशेष सामुदाय के लोग भी पहुंच गए और विवाद शुरू कर दिया। जिसके बाद दिन भर तनाव की स्थिति बनी रही। दोपहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल व अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों के साथ भी अभद्रता करते हुए पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने माहौल शांत करने के लिए बल प्रयोग कर खदेडऩा शुरू किया। देर शाम तक स्थिति सामान्य हो चुकी थी।

पथराव के बाद बनी थी भगदड़ की स्थिति

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार की शाम बस स्टैंड के समीप दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान गांधी मार्केट की तरफ से पथराव किया गया, जिससे भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान समारोह में शामिल तीन महिलाओं को चोट भी आई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हालांकि शनिवार शाम तक पुलिस की तरफ से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि पथराव किन कारणों से और किनके द्वारा किया गया। स्थानीय लोगों ने चल समारोह में पथराव का विरोध करते हुए शनिवार की सुबह से बाजार बंद कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोग पत्थर फेंकने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वहीं विशेष समुदाय के लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल को केशवाही भेजा गया। वहीं देर शाम तक धनपुरी एसडीओपी विकास पांडेय, टीआई बुढ़ार संजय जायसवाल के साथ ही केशवाही चौकी प्रभारी आशीष झारिया मौके पर मौजूद रहे।

पुलिस से झड़प और पथराव की भी चर्चा

चर्चा यह भी है कि भीड़ में कुछ लोगों ने एक पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की है। वहीं पथराव भी किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए आंसू गैस छोड़े व लाठी चलाते हुए खदेडऩे का प्रयास किया। जिसके बाद माहौल शांत हुआ।

बस को भी रोका

घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच से कुछ लोग दोपहर में सडक़ जाम करने के उद्देश्य से यात्री बसों को रोकने लगे। पुलिस समझाइश देने पहुंची तो पुलिस के साथ झड़प शुरू हो गई। कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस बल का प्रयोग करते हुए माहौल को शांत कराया।
वर्जन
विसर्जन के दौरान बस स्टैंड के पास पथराव हुआ था, तीन महिलाओं को चोट आई है। स्थानीय लोग शनिवार को बाजार बंद कर प्रदर्शन करने लगे। इदरीश नाम के युवक को पकड़ा है। अब स्थिति सामान्य है।
रामजी श्रीवास्तव, एसपी