
सिवनी. विधानसभा में जिले के उगली से कंजई तक 30 किलोमीटर के मार्ग के चौड़ीकरण का मुद्दा केवलारी विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने उठाया। जिसका जवाब लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दिया। उन्होंने बताया कि यह सडक़ लोक निर्माण विभाग के कार्य क्षेत्र में नहीं आता है। मार्ग ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण के अधीन है। वहीं मंत्री ने विधायक के एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए बताया कि सिवनी-मंडला मार्ग की लंबाई 118.90 किमी है, जिसमें से सिवनी-नैनपुर मार्ग 72.80 किमी का भाग राज्य राजमार्ग है एवं मंडला-नैनपुर खंड लंबाई 46.10 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग की श्रेणी का है। मंत्री ने बताया कि सिवनी-मंडला मार्ग कहीं भी अत्यधिक जर्जर अवस्था में नहीं है। उन्होंने बताया कि सिवनी से मंडला मार्ग के मंडला-नैनपुर भाग लंबाई 46.10 किमी के निर्माण हेतु निविदा की कार्यवाही चल रही है एवं सिवनी-नैनपुर भाग के लंबाई 29 किमी में कार्य प्रगति पर है। हालांकि मंत्री ने यह नहीं बताया कि कार्य कब तक पूरा हो पाएगा। वहीं सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के सवाल के जवाब में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि प्रदेश में विद्युत वितरण कंपनियों द्वारा आरडीएसएस योजना के अंतर्गत पारदर्शी बिलिंग, मीटर रीडिंग प्रणाली में सुधार और सटीक ऊर्जा लेखांकन के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। सिवनी विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत अब तक की स्थिति में शहरी क्षेत्र में 23296 स्मार्ट मीटर एवं ग्रामीण क्षेत्र में 30658 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। मंत्री ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी अंतर्गत 5 प्रतिशत नहीं, अपितु 100 प्रतिशत स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। सर्वप्रथम स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता की जांच मानकों के अनुरूप आवश्यक सैम्पलिंग मात्रा में मीटर निर्माणकर्ता के परिसर में स्थित लैब में वितरण कंपनी के द्वारा नामित अधिकारी की उपस्थिति में की जाती है, इसके पश्चात स्मार्ट मीटर प्राप्त होने पर स्मार्ट मीटर की गुणवता की जांच मान्यता प्राप्त लैब में एक्सेप्टेंस टेस्ट, टाइप टेस्ट एवं कम्युनिकेशन टेस्ट कर की जा रही है। इसके अतिरिक्त विद्युत वितरण कंपनी की लैब में 100 प्रतिशत स्मार्ट मीटरों का परीक्षण करने के उपरांत ही स्थापित किए जा रहे हैं। अब तक की स्थिति में स्थापित समस्त 53954 स्मार्ट मीटरों की जांच की गई है।
फोरलेन निर्माण में अनियमितता
सिवनी विधायक ने फोरलेन मार्ग निर्माण में अनियमितता को लेकर सवाल उठाया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इसकी जानकारी दी। इसके अलावा विधायक ने सदन में विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम कोठिया-बंधा से चंदौरीखुर्द मार्ग निर्माण कराए जाने के संबंध में भी सवाल किया। जिसका जवाब संबंधित विभाग मंत्री ने दिया।
मार्ग का अधिकतर हिस्सा का ऊपरी पृष्ठ हो रहा क्षतिग्रस्त
विधानसभा में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले ने जिले में सडक़ों की स्थिति को लेकर सवाल किया। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि सिवनी जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा विगत दो वर्ष से जिले में योजना मद व अन्य मदों से निर्मित नवीन सडक़/नवीनीकरण/मजबूतीकरण मार्ग अपनी नवीन दशा में ही हैं और मार्ग का अधिकतरण हिस्सा का ऊपरी पृष्ठ उखड़ नहीं रहा है। मंत्री ने एक अन्य प्रश्न के जवाब में कहा कि सिवनी जिले में पदस्थ विभागीय अधिकारियों के शासकीय आवास गृहों में शा. स्थाईकर्मी तैनात नहीं किए गए हैं।
केवलारी क्षेत्र में नहीं हो रही अघोषित विद्युत कटौती
केवलारी विधायक ने सिवनी जिले(विशेषकर केवलारी विधानसभा क्षेत्र) में विगत कुछ समय से बार-बार एवं अघोषित विद्युत कटौती का मुद्दा उठाया। जिसका जवाब देते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सिवनी जिले के किसी भी क्षेत्र में विद्युत कटौती नहीं की जा रही है। विद्युत लाइनों के रख-रखाव हेतु पूर्व निर्धारित शट-डाउन लेने एवं तकनीकी कारणों, प्राकृतिक आपदा से आए आकस्मिक व्यवधानों जैसी अपरिहार्य स्थिति के कारण कतिपय अवसरों पर विद्युत व्यवस्था प्रभावित होती है, जिसमें आवश्यक सुधार कार्य कर विद्युत प्रदाय शीघ्र ही सुचारू कर दिया जाता है। विद्युत अधोसंरचना के आवश्यक रख-रखाव कार्य हेतु लिए जाने वाले शटडाउन की सूचना विद्युत उपभोक्ताओं को विभिन्न माध्यम से दी जाती है। वहीं लोक निर्माण मंत्री ने विधायक द्वारा पूछे गए सवाल में बताया गया कि भीमगढ़ से चरगवा होते हुए जटलापुर तक सडक़ निर्माण बजट में सम्मिलित नहीं है एवं न ही विभाग की किसी अन्य योजना में स्वीकृत या प्रस्तावित है।
Published on:
28 Feb 2026 05:18 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
